सोनम और राज ने कुबूला रिश्ता और जुर्म, पीड़ित परिवार नार्को टेस्ट के लिए हाईकोर्ट जाएगा
Sandesh Wahak Digital Desk: मेघालय हनीमून मर्डर केस में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने पुष्टि की है कि सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाह ने न सिर्फ अपने रिश्ते को कबूल किया है, बल्कि हत्या की साजिश और वारदात को भी स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर राजा रघुवंशी की हत्या की योजना बनाई थी क्योंकि उनका रिश्ता परिवार की सहमति के बिना था और राजा उनके बीच दीवार बन रहा था।
क्राइम सीन का दोबारा रिक्रिएशन भी किया गया
पुलिस अधीक्षक (ईस्ट खासी हिल्स), विवेक सिम ने बताया कि सोनम और राज ने अपराध स्वीकारते हुए घटनास्थल को दोबारा तैयार किया है। सिम के मुताबिक, सोनम के परिवार ने राज के साथ उसके रिश्ते से नाखुश होकर उसकी शादी इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी से तय कर दी थी। सोनम ने परिवार को चेतावनी भी दी थी कि अगर राजा से उसकी शादी की गई, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
पुलिस का दावा, राजा को रास्ते से हटाना था
पुलिस का मानना है कि हत्या का मकसद सिर्फ प्यार में बाधा नहीं था, बल्कि व्यावसायिक योजनाओं और पारिवारिक प्रतिष्ठा से जुड़ा भी था। एक अधिकारी ने कहा, वे राजा को हटाना चाहते थे क्योंकि वह उनके रिश्ते और भविष्य की योजनाओं के रास्ते में था। पैसा हत्या का सीधा मकसद नहीं था, लेकिन आर्थिक फायदे की संभावना से इंकार भी नहीं किया जा सकता।
नार्को टेस्ट से इनकार, परिवार जाएगा हाईकोर्ट
हालांकि पीड़ित परिवार सोनम और राज के नार्को टेस्ट की मांग कर रहा है, लेकिन पुलिस ने इसे खारिज कर दिया है। विवेक सिम ने साफ कहा कि नार्को टेस्ट के परिणाम कोर्ट में मान्य नहीं होते, इसलिए इसकी कोई जरूरत नहीं है। इधर, राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने ऐलान किया है कि वह मेघालय हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
Also Read: सीएम योगी ने सामूहिक विवाह योजना पर कसी लगाम, अब डीएम की मौजूदगी में होगा ये अहम काम

