मैं खुद को कैद में रखने को तैयार हूं, सोनम वांगचुक का जेल से जनता को संदेश

Sandesh Wahak Digital Desk: जोधपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां लद्दाख में हुई हिंसा के बाद एनएसए के तहत गिरफ्तार किए गए समाजसेवी सोनम वांगचुक ने जेल से एक बड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि चार प्रदर्शनकारियों की मौत की जब तक स्वतंत्र न्यायिक जांच नहीं होती, तब तक वह जेल से बाहर नहीं आएंगे। वांगचुक ने यह बात शांति और एकता की अपील के साथ कही है।

सोनम वांगचुक ने क्या कहा

इस दौरान वांगचुक ने कहा है कि मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं, शारीरिक रूप से भी और मानसिक रूप से भी। मेरी संवेदना उन परिवारों के साथ है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया। वहीं मेरी प्रार्थनाएं उन लोगों के लिए हैं जो घायल हैं या जेल में हैं। उन्होंने आगे कहा है कि, जब तक मारे गए चार लोगों की स्वतंत्र न्यायिक जांच नहीं होती, मैं खुद को जेल में रखने को तैयार हूं। मैं लद्दाख के लोगों और नेताओं से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं।

कैसे बाहर आया यह संदेश

दरअसल सोनम वांगचुक का यह संदेश उनके बड़े भाई त्सेतन दोरजे ले और वकील मुस्तफा हाजी के माध्यम से सामने आया है। दोनों ने शनिवार को जोधपुर सेंट्रल जेल में वांगचुक से मुलाकात की थी। बाद में यह संदेश कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के नेता सज्जाद कारगिली ने सोशल मीडिया पर साझा किया।

Sonam Wangchuk

24 सितंबर को क्या हुआ था

दरअसल लद्दाख के लेह जिले में गत 24 सितंबर को एक राजनीतिक दल के दफ्तर में आगजनी के बाद हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गया था। जहां इस हिंसा के दौरान चार लोगों की मौत हो गई थी और 80 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इसके बाद 26 सितंबर को वांगचुक को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें एनएसए के तहत जोधपुर सेंट्रल जेल भेजा गया।

क्या है वांगचुक की मांग

दरअसल सोनम वांगचुक की मुख्य मांग यह है कि, हिंसा के दौरान हुई चार लोगों की मौत की स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए, लद्दाख को छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक अधिकार दिए जाएं, क्षेत्र को राज्य का दर्जा मिले साथ ही स्थानीय लोगों की संस्कृति, रोजगार और भूमि अधिकारों की रक्षा हो। वांगचुक ने साफ कहा है कि वे लद्दाख की एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के हर कदम के साथ हैं, जो लद्दाख के भविष्य और हक के लिए उठाया जाएगा।

ALso Read: Kanpur News: फैक्ट्री में सो रहे कर्मी का सामान चोरी, CCTV में कैद हुई चोर की करतूत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.