सोनभद्र कफ सिरप तस्करी कांड: मुख्य सरगना शुभम जायसवाल समेत 4 आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
Sandesh Wahak Digital Desk: कोडिन युक्त कफ सिरप की बड़े पैमाने पर तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक वर्मा ने मामले के मुख्य सरगना शुभम जायसवाल और उसके तीन सहयोगियों पर 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। यह गिरोह फर्जी ड्रग लाइसेंस की आड़ में करोड़ों की नशीली सिरप खपाने के जाल में लिप्त है।
इनामी अपराधियों की सूची
पुलिस को इन चार मुख्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश है।
शुभम जायसवाल (वाराणसी): गिरोह का मुख्य सरगना (शैली ट्रेडर्स का मालिक)।
निशांत उर्फ रवि गुप्ता (भदोही): फर्जी फर्म संचालन में लिप्त।
विजय गुप्ता (वाराणसी): तस्करी नेटवर्क का प्रमुख सदस्य।
विशाल उपाध्याय (सहारनपुर): कागजों पर फर्जी आपूर्ति दिखाने का आरोपी।
कैसे हुआ करोड़ों के इस घोटाले का खुलासा?
आपको बता दें कि 18 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान चिप्स-नमकीन की पेटियों में छिपाकर ले जाई जा रही कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। जांच आगे बढ़ी तो रांची और गाजियाबाद से भी कई ट्रक सिरप बरामद हुई। ‘शैली ट्रेडर्स’ के जरिए फर्जी कागजात बनाकर कई राज्यों में तस्करी की बात सामने आई। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (SIT) गठित की। जांच में पता चला कि सोनभद्र में फर्जी पते पर दो फर्में पंजीकृत कराकर करोड़ों शीशी सिरप की अवैध आपूर्ति दिखाई गई।
अब तक की गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस को पहले ही महत्वपूर्ण सफलता मिल चुकी है। सरगना शुभम के पिता भोला जायसवाल को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। गिरोह के सदस्य सत्यम को भी पुलिस हाल ही में सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सूचना नजदीकी थाने या सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय को दी जा सकती है।
“नशीली कफ सिरप की तस्करी समाज के लिए कैंसर है। इस सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।”
अभिषेक वर्मा, एसपी सोनभद्र
Also Read: UP STF की बड़ी कार्रवाई: 60 लाख का गांजा बरामद, ओडिशा से यूपी तक फैला तस्करी नेटवर्क ध्वस्त

