Sonbhadra News: हल्दीराम की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर लाखों की ठगी, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: सोनभद्र नगर के इमरती कॉलोनी निवासी एक व्यवसायी को ‘हल्दीराम रेस्टोरेंट’ की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनसे 5 लाख 58 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
इमरती कॉलोनी निवासी अश्वनी पांडेय ने साइबर थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि ठगी की शुरुआत में 5 सितंबर को मनीष अग्रवाल और नीरज अग्रवाल नामक दो व्यक्तियों ने अश्वनी पांडेय को उनके मोबाइल पर कॉल किया और खुद को ‘हल्दीराम डाइनिंग मॉडल रेस्टोरेंट’ की मार्केटिंग टीम का अधिकारी बताया। अश्वनी का इमरती में एक व्यावसायिक परिसर है, जिसका इस्तेमाल वह फ्रेंचाइजी व्यवसाय के लिए करना चाहते थे।
ठगों ने उनके व्हाट्सएप पर फ्रेंचाइजी का फार्म भेजकर उसे भरकर एक मेल आईडी पर भेजने को कहा। अश्वनी पांडेय ने प्रतिष्ठित फर्म की फ्रेंचाइजी लेने के लालच में फार्म भरकर भेज दिया। इसके बाद 23 सितंबर से लेकर 16 अक्टूबर के बीच आरोपितों ने अलग-अलग किस्तों में उनसे कुल 5 लाख 58 हजार रुपये की मांग की। यह रकम रजिस्ट्रेशन फीस, एडवांस सिक्योरिटी मनी, कंप्लीट सिक्योरिटी मनी और अनापत्ति पत्र (NOC) के नाम पर यूपीआई और अन्य खातों में ली गई।
प्रमुख किश्तें: ₹95,000 (रजिस्ट्रेशन फीस), ₹30,000, ₹94,000 (कंप्लीट सिक्योरिटी), ₹88,000 (अनापत्ति पत्र), और अन्य छोटी राशियां।
धोखाधड़ी का खुलासा
आरोपितों ने अश्वनी पांडेय को इंटरनल मोडिफिकेशन, इक्विपमेंट की डिलीवरी और आर्किटेक्चरल डिजाइनिंग के लिए 24 अक्टूबर की तिथि बताई थी। अश्वनी पांडेय के अनुसार, उस दिन स्थल पर कोई व्यक्ति नहीं आया। इसके बाद जब उन्होंने ठगों के दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, तो वे स्वीच ऑफ आने लगे और फोन रिसीव होना बंद हो गया। हल्दीराम से संबंधित फर्जी मेल आईडी पर संपर्क करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि अश्वनी पांडेय की तहरीर के आधार पर मनीष अग्रवाल व नीरज अग्रवाल (निवासी अज्ञात) के खिलाफ साइबर अपराध व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
Also Read: Lucknow: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस

