सोनभद्र: जमीन के विवाद में बेटे-बहू ने कुदाल से मारकर पिता की हत्या, आरोपी दंपति फरार

Sandesh Wahak Digital Desk: सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बकवार गांव में बुधवार सुबह जमीन संबंधी विवाद ने एक खूनी रूप ले लिया। छोटे बेटे अमरनाथ प्रजापति और उसकी पत्नी अर्चना ने अपने पिता लालधारी प्रजापति (उम्र लगभग 70 वर्ष) के सिर पर कुदाल से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दंपति मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

विवाद की पृष्ठभूमि और घटनाक्रम

दिवंगत लालधारी प्रजापति के पास लगभग डेढ़ बीघा खेत था, जिसे उन्होंने अपने दोनों बेटों (बैजू प्रजापति और अमरनाथ प्रजापति) को 10-10 बिस्वा देने के बाद, 10 बिस्वा अपने लिए रखा था। लालधारी कुछ समय से बड़े बेटे बैजू प्रजापति के घर रह रहे थे। करीब तीन दिन पूर्व खेत में आलू बोने को लेकर लालधारी प्रजापति का छोटे बेटे की पत्नी अर्चना से विवाद हुआ था। पुलिस ने तब दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था।

छोटा बेटा अमरनाथ प्रजापति मंगलवार रात ही कहीं बाहर से काम करके घर लौटा था। बुधवार सुबह करीब 10:45 बजे अमरनाथ अपनी पत्नी अर्चना के साथ पिता लालधारी के घर पहुँचा। वहां खेत में हिस्से को लेकर गाली-गलौज करते हुए अमरनाथ ने पिता के सिर पर कुदाल से वार कर दिया और पत्नी के साथ भाग गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

घर वालों के शोर मचाने पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। पन्नूगंज एसआई शिवबदन यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और गंभीर रूप से घायल लालधारी को पीएचसी चतरा ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

उनकी हालत में सुधार न होने पर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किए जाने की तैयारी चल ही रही थी कि दोपहर बाद करीब 1 बजे लालधारी प्रजापति ने दम तोड़ दिया। पन्नूगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Also Read: बलिया: तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराई, पार्टी मनाकर लौट रहे तीन दोस्तों की मौत; दो गंभीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.