सोफी चौधरी ‘वॉर 2’ में ऋतिक रोशन का एक्शन देखने का कर रहीं बेसब्री से इंतजार
मुंबई: गायिका और अभिनेत्री सोफी चौधरी इन दिनों ‘वॉर 2’ को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ इस उत्साह को साझा करते हुए ऋतिक रोशन की तारीफों के पुल बांधे हैं। सोफी ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह ऋतिक रोशन के साथ मंच पर थिरकती नजर आ रही हैं। इस वीडियो में बैकग्राउंड में ‘बैंग बैंग’ फिल्म का पॉपुलर गाना ‘तू मेरी’ बज रहा है, जिसे विशाल ददलानी ने गाया है। इस वीडियो के जरिए सोफी ने ऋतिक के प्रति अपनी प्रशंसा और जुड़ाव को बयां किया।
उन्होंने कैप्शन में लिखा- “वो एक साथ प्रेरणा और मोटिवेशन हैं! प्रतिभा, मेहनत और विनम्रता का बेहतरीन संतुलन। यूनानी देवता जैसी शक्ल-सूरत के साथ मस्तीभरी पर्सनालिटी! और हर दिन बेहतर बनने की कोशिश करते हैं! इन पलों को संजो रही हूं और ‘वॉर 2’ में उन्हें एक बार फिर धमाकेदार अंदाज में देखने के लिए बेताब हूं!”
सोफी ने इससे पहले भी अपने एक लाइव परफॉर्मेंस का वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने ‘हंगामा हो गया’ गाने पर जबरदस्त एनर्जी के साथ प्रस्तुति दी थी। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “हंगामाआआआ!!! यही जोश मैं सिर्फ वीकेंड नहीं, हर स्टेज पर लाती हूं!” खास बात यह रही कि परफॉर्मेंस के दौरान एक सिक्योरिटी गार्ड भी उनके गाने की ताल पर ताली बजाता दिखा, जिसने सोफी को खासा प्रभावित किया।
‘वॉर 2’ की बात करें तो यह एक जबरदस्त एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसे अयान मुखर्जी निर्देशित कर रहे हैं। फिल्म में ऋतिक रोशन के साथ साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म यशराज स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है और 14 अगस्त, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ऋतिक रोशन के फैंस की तरह ही सोफी चौधरी भी उन्हें एक बार फिर एक्शन अवतार में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
Also Read: आलिया भट्ट ने दिखाया ‘पूल बूट कैंप’ का झलक, फिटनेस ट्रेनर के साथ आईं नजर

