सपा-ब्रजेश पाठक के जुबानी जंग तेज, अखिलेश यादव बोले- अपने भीतर के अच्छे इंसान से क्षमा मांगिए

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी द्वारा डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के डीएनए को लेकर किए गए विवादित पोस्ट के बाद मामला गरमा गया। ब्रजेश पाठक ने इस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने डिंपल यादव का भी उल्लेख किया। इसके जवाब में अखिलेश यादव ने संयम का परिचय देते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से ब्रजेश पाठक को आत्ममंथन की सलाह दी है।

अखिलेश यादव ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर किए अपने पोस्ट में लिखा, आपके विचारों में पहले कभी ऐसा विचलन नहीं देखा गया। आप व्यक्तिगत आदर्शों को छोड़कर शाब्दिक संतुलन खो बैठे हैं। आपको एकांत में बैठकर चिंतन करना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी ने ब्रजेश पाठक की टिप्पणी से आहत कुछ कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया है और आश्वासन लिया है कि भविष्य में ऐसी प्रतिक्रिया नहीं होगी। साथ ही, उन्होंने डिप्टी सीएम से अपेक्षा जताई कि वह भी अपनी बयानबाजी पर विराम लगाएं।

सपा प्रमुख ने दी नसीहत

अखिलेश ने लिखा, ‘एक स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते आप भलीभांति समझते होंगे कि किसी के डीएनए पर टिप्पणी करना केवल उस व्यक्ति पर नहीं, बल्कि उसकी संपूर्ण वंश पर प्रहार करने जैसा है। ऐसे में नैतिकता और पद की मर्यादा का ध्यान रखना आवश्यक है।‘

उन्होंने ब्रजेश पाठक से यह भी अपील की कि ‘वह अपने भीतर झांकें और आत्मनिरीक्षण करें।  आप उस अच्छे इंसान से क्षमा मांगिए जो आप पहले हुआ करते थे। यदि आप निष्पक्ष रूप से बीते वर्षों के अपने विचार और व्यवहार का अवलोकन करेंगे, तो पाएंगे कि आपने कभी ऐसा विचलन नहीं दिखाया था।‘

Also Read: UP Encounter: सिपाही को रौंदने वाला बदमाश मुठभेड़ में ढेर, दो अन्य साथी भी घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.