‘हत्या की राजनीति नहीं करती है सपा’, पूजा पाल के आरोपों पर शिवपाल यादव का पलटवार

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल द्वारा लगाए गए आरोपों पर सपा नेता शिवपाल यादव ने कड़ा पलटवार किया है। पूजा पाल ने एक चिट्ठी में आरोप लगाया था कि अगर उनकी मौत होती है, तो इसके जिम्मेदार सपा और अखिलेश यादव होंगे। इस बयान के बाद मुजफ्फरनगर पहुँचे शिवपाल यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सपा हत्या की राजनीति नहीं करती और पूजा पाल का विधायक बनने का रास्ता अब बंद हो गया है।

‘पूजा पाल का विधायक बनने का रास्ता बंद’

शिवपाल यादव ने पूजा पाल के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा वह इतने दिनों से चुपचाप घर में बैठी थीं, अब अचानक उन्हें मौत का डर क्यों लग रहा है? हत्या की राजनीति कुछ लोग करते हैं, हम नहीं। उन्होंने साफ कहा कि पूजा पाल अब कभी विधायक नहीं बन पाएंगी।

उन्होंने बीजेपी नेता संगीत सोम के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘पश्चिमी यूपी मिनी पाकिस्तान बन रहा है।’ शिवपाल यादव ने कहा कि उनका स्वार्थ जगजाहिर है। उनका कोई ठिकाना नहीं, कभी हमारे साथ रहे, अब अपने फायदे के लिए कुछ भी कहते हैं। उनका चरित्र सब जानते हैं।

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय पार्लियामेंट बोर्ड की बैठकें चल रही हैं और जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा होगी। अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने पर उन्होंने कहा कि विधायक अपना नेता चुनते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि बीजेपी हटे और अखिलेश ही मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने देश और यूपी के लिए कोई काम नहीं किया, उनके वादे झूठे हैं और वे ‘वोट चोरी और संस्थाओं पर कब्जे’ का काम करते हैं।

‘PDA से BJP डरी हुई है’

शिवपाल यादव ने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की रणनीति को बीजेपी की घबराहट का कारण बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में सभी वर्ग के लोग शामिल हैं। उन्होंने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का नारा देते हुए कहा कि यह पूरे देश में गूँजेगा। पूजा पाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था, क्योंकि अब उनका राजनीतिक करियर खत्म हो चुका है।

Also Read: पीलीभीत में भीषण सड़क हादसा, कार और टेंपो की टक्कर में 5 की मौत, 5 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.