Noida News: PM मोदी के पोस्टर में विपक्ष को असुर दिखाने पर भड़की सपा, कार्यकर्ताओं ने थाने में की नारेबाजी

Noida News: समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्टर को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस आपत्तिजनक पोस्टर के सामने आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को थाना सेक्टर-24 पर जमकर नारेबाजी की और पोस्टर बनाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा।

यह विवादित पोस्टर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर वायरल हो रहा है। पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हवन करते हुए दर्शाया गया है, जबकि इसके ऊपरी हिस्से में लिखा है, जब-जब धर्म की स्थापना होती है, तब-तब असुरों को परेशानी होती है।

सबसे आपत्तिजनक बात यह है कि इसी पोस्टर के ठीक ऊपर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जैसे विपक्षी नेताओं की तस्वीरों को कथित रूप से ‘राक्षस रूप’ में प्रदर्शित किया गया है।

सपा के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल थाना सेक्टर-24 पहुँचा। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। सपा नेताओं ने पुलिस को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि यह पोस्टर कथित तौर पर नोएडा के चौड़ा गाँव निवासी एक युवक द्वारा बनाया और शेयर किया गया है।

सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के पोस्टर समाज में नफरत फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य जानबूझकर शहर का माहौल खराब करने और राजनीतिक द्वेष फैलाने के उद्देश्य से किया गया है।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, परंतु मर्यादा का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत पत्र लेकर मामले की जाँच का आश्वासन दिया है।

Also Read: Jaunpur News: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारी के दौरान करंट से झुलसे 11 लोग, चार की हालत गंभीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.