प्रतापगढ़ में सपा नेता गुलशन यादव की 7 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रतापगढ़ जिला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी 7 करोड़ 15 हजार 502 रुपये की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की है।
जब्त संपत्ति में लग्जरी वाहन और जमीन शामिल
जब्त की गई संपत्ति में गुलशन यादव के लग्जरी वाहन, आवासीय जमीन और अन्य चल-अचल संपत्तियां शामिल हैं। प्रशासन ने गुलशन यादव को गैंगलीडर मानते हुए नगर कोतवाली, कुंडा और मानिकपुर कोतवाली क्षेत्र से जुड़े मामलों में यह कार्रवाई की है।
गुलशन यादव समाजवादी पार्टी के टिकट पर कुंडा विधानसभा से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ दो बार चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन दोनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। एक समय में राजा भैया के करीबी रहे गुलशन यादव की उनसे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता जगजाहिर है।
50 से अधिक मामले दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर गैंग लीडर गुलशन यादव की गाड़ी, जमीन और अन्य संपत्तियों सहित कुल 7 करोड़ 15 हजार 502 रुपये की संपत्ति जब्त की जा रही है। गुलशन यादव के खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से अधिकांश प्रतापगढ़ जिले में हैं।
Also Read : बाबा साहेब संग तस्वीर पर घिरे अखिलेश यादव, बीजेपी और बीएसपी ने बोला तीखा हमला

