प्रयागराज: नेताजी की प्रतिमा पर रोक, अब विराजे राधा-कृष्ण; योगी सरकार पर बरसे माता प्रसाद पांडेय

Sandesh Wahak Digital Desk: संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित हो रहे माघ मेले में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर उपजा विवाद अब नई करवट ले चुका है। प्रशासन की सख्ती और नोटिस के बाद ‘मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान’ के शिविर में अब नेताजी की जगह राधा-कृष्ण की मूर्ति स्थापित की गई है। गुरुवार को शिविर पहुंचे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने इस मुद्दे पर योगी सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।

 प्रतिमा पर रोक और ‘गुंडा एक्ट’ की कार्रवाई

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने जानबूझकर “राजनीतिकरण” का हवाला देकर नेताजी की प्रतिमा लगाने से रोका है। माता प्रसाद पांडेय ने कहा, “महाकुंभ में प्रतिमा लगाने दी गई थी, लेकिन अब माघ मेले में आपत्ति की जा रही है। सरकार सपा की लोकप्रियता से घबराकर तानाशाही पर उतारू है।” संस्थान के प्रबंधक और सपा नेता संदीप यादव पर गुंडा एक्ट लगाने और गैंगस्टर की तैयारी करने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि संदीप कोई अपराधी नहीं, बल्कि एक राजनीतिक कार्यकर्ता हैं।

“100 करोड़ खर्च नहीं हो रहा, सरकार खा रही है”

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के ‘100 करोड़ के बजट’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 100 करोड़ खर्च नहीं हो रहे, बल्कि सरकार इसे डकार रही है। इतनी भारी रकम के बावजूद मेले की व्यवस्थाएं अभी तक अधूरी हैं। उन्होंने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि महाकुंभ के दौरान दावों के विपरीत वह खुद मेले के अंदर तक नहीं जा पाए थे और उन्हें अरैल से वापस लौटना पड़ा था।

माता प्रसाद पांडेय ने मेले में चल रहे विभिन्न विरोध प्रदर्शनों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने नाविकों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि मोटर बोट से नाविकों की आजीविका छिन रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। इसका प्रयोग केवल आपात स्थिति में होना चाहिए। साधु-संतों के विरोध प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार को संतों की बात सुननी चाहिए और केशव प्रसाद मौर्य को बयानबाजी के बजाय सुविधाएं देने पर ध्यान देना चाहिए।

शिविर में अब होंगे धार्मिक आयोजन

नेताजी की मूर्ति न रखने के फैसले पर उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और प्रशासन के रुख को देखते हुए हमने यज्ञशाला में राधा-कृष्ण की मूर्ति स्थापित कर दी है। अब शिविर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और यज्ञ किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था होगी। प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

Also Read: ‘पैसा मिल गया है… इसे गोल्ड में बदल देना’, झांसी CGST घूसकांड में महिला IRS समेत 5 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.