Azamgarh News: जहरीली शराब कांड में सपा नेता रमाकांत यादव की 23.42 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Sandesh Wahak Digital Desk: फरवरी 2022 में अहिरौला थाना क्षेत्र के माहुल में जहरीली शराब से हुई 13 मौतों और 60 से ज्यादा लोगों के बीमार होने के मामले में अब प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में नामजद सपा के पूर्व बाहुबली विधायक रमाकांत यादव की 23 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क कर ली गई है।

गैंगस्टर एक्ट में हुई कार्रवाई

प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14A के तहत यह कार्रवाई की है। रमाकांत यादव वर्तमान में फतेहगढ़ जेल में बंद हैं और उन पर 58 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह प्रदेश में हिस्ट्रीशीटर (30A) और IS-133 गैंग के मुखिया के रूप में चिन्हित हैं।

परिवार के नाम पर खरीदी गई थीं संपत्तियां

जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है, वे रमाकांत यादव ने अपने बेटों अरुण, वरुण, ऋषिकांत और रजनीकांत, पत्नी रंजन और सत्यभामा, और भांजे इंद्रसेन यादव के नाम पर खरीदी थीं। इन संपत्तियों में बसई अशरफपुर गांव, परगना माहुल की जमीन भी शामिल है, जिसकी कीमत अकेले 2.13 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। कुल 6 संपत्तियों को कुर्क किया गया है।

Ramakant Yadav property attachment

प्रशासन ने मौके पर की मुनादी

यह कार्रवाई 11 जून को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के आदेश पर की गई। मौके पर खुद एसपी ग्रामीण चिराग जैन मौजूद रहे और संपत्ति कुर्की की मुनादी करवाई गई। इस कार्रवाई में फूलपुर के प्रभारी सच्चिदानंद यादव, पवई थाने के प्रभारी प्रदीप मिश्रा और तहसीलदार कमल कुमार सिंह भी शामिल रहे।

क्या था जहरीली शराब कांड

21 फरवरी, 2022 को माहुल इलाके में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई थी और 60 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। जांच के दौरान कुल 13 आरोपियों की पहचान हुई थी, जिनमें रमाकांत यादव का नाम भी सामने आया।

Also Read: Amethi News: BJP विधायक के भतीजे समेत तीन पर अपहरण का आरोप, केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.