सपा नेता ने जड़ा मौलाना साजिद रशीदी को थप्पड़, डिंपल यादव पर अभद्र टिप्पणी से जुड़ा है मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: एक टीवी डिबेट के दौरान की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी पर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को नोएडा सेक्टर-126 स्थित एक निजी चैनल के स्टूडियो में उस वक्त हंगामा मच गया, जब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डिबेट के दौरान मौलाना को थप्पड़ जड़ दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
क्या है पूरा मामला?
विवाद की जड़ एक टीवी डिबेट शो में मौलाना द्वारा सपा सांसद डिंपल यादव के पहनावे पर की गई टिप्पणी है। मौलाना रशीदी ने आरोप लगाया कि डिंपल यादव ने एक मस्जिद में बिना सिर ढके बैठक में हिस्सा लिया, जो इस्लामिक परंपराओं के खिलाफ है। मौलाना की इस टिप्पणी को अभद्र और धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला बताया जा रहा है।
सपा कार्यकर्ताओं को जब यह बयान पता चला, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। मोहित नागर के नेतृत्व में कुछ कार्यकर्ता उसी स्टूडियो में पहुंचे जहां मौलाना डिबेट में हिस्सा ले रहे थे, और वहां उनके साथ हाथापाई की। इसी दौरान एक सपा कार्यकर्ता ने मंच पर ही मौलाना को थप्पड़ मार दिया।
मौलाना के खिलाफ पहले से दर्ज है केस
गौरतलब है कि लखनऊ के विभूतिखंड थाने में मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ पहले से ही केस दर्ज है। यह केस सपा नेता प्रवेश यादव की शिकायत पर दर्ज हुआ था। मौलाना पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 79, 196, 197, 299, 352, 353 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा चल रहा है।
यह घटना सामने आने के बाद सियासत और भी गरमा गई है। बीजेपी ने डिंपल यादव पर की गई टिप्पणी को महिला अपमान करार देते हुए सपा पर निशाना साधा।वहीं, सपा ने इस पूरे घटनाक्रम को बीजेपी की साजिश बताया और कहा कि भाजपा जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहती है। डिंपल यादव ने कहा जब महिलाओं के खिलाफ अभद्र बातें की जाती हैं, तो बीजेपी को अचानक चिंता सताने लगती है, लेकिन मणिपुर में महिलाओं पर हुए अत्याचार पर वही पार्टी मौन रहती है। यह दोहरा रवैया नहीं चलेगा।
मौलाना साजिद रशीदी ने अपने बयान पर कायम रहने की बात कही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो कहा, वह धार्मिक नियमों के संदर्भ में था और किसी का अपमान करने का उद्देश्य नहीं था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। स्टूडियो में हुए हंगामे और वायरल वीडियो को भी सबूत के तौर पर लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि सपा कार्यकर्ताओं पर भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
Also Read: UP News: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का विपक्ष पर करारा वार, बोले- पहले आइना देखिए, फिर सवाल उठाइए

