Pratapgarh News: सपा विधायक को PDA पाठशाला आयोजित करना पड़ा भारी, मुकदमा दर्ज

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. आरके वर्मा को एक सरकारी स्कूल में ‘PDA पाठशाला’ आयोजित करने के आरोप में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गौरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर कला में यह आयोजन करने और इसका वीडियो वायरल होने के बाद विधायक सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला

रानीगंज विधानसभा के विधायक डॉ. आरके वर्मा ने बुधवार को उस प्राथमिक विद्यालय में ‘PDA पाठशाला’ का आयोजन किया, जिसे स्कूल मर्जर नीति के तहत बंद कर दिया गया था। आरोप है कि विधायक ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर बंद स्कूल का ताला तोड़ा, बच्चों को इकट्ठा किया और सपा व PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के पोस्टर लगाकर यह कार्यक्रम चलाया।

इस दौरान बच्चों को कॉपी-किताबें बांटी गईं और कक्षाएं भी चलाई गईं। इस पूरे आयोजन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

विधायक और समर्थकों पर FIR

खंड शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर फतनपुर थाने में विधायक आरके वर्मा, शेर बहादुर यादव, अमरपाल यादव और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इन पर सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग, अवैध रूप से स्कूल में घुसने और स्कूल मर्जर नीति के खिलाफ अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है। ASP शैलेंद्र लाल ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हेडमास्टर निलंबित, शिक्षा मित्रों को नोटिस

इस घटना के बाद स्कूल के हेडमास्टर बृजेश सिंह को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही, इस आयोजन में शामिल होने वाले दो शिक्षा मित्रों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र ने साफ किया कि बंद स्कूलों में इस तरह के आयोजन अवैध हैं।

Also Read: Lucknow News: केले के पौधों के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी, चार शातिर ठग गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.