Sonbhadra News: दुद्धी से 8 बार विधायक रहे सपा नेता विजय सिंह गोंड का निधन

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश की 403वीं और आखिरी विधानसभा सीट ‘दुद्धी’ के कद्दावर सपा विधायक विजय सिंह गोंड का गुरुवार को लखनऊ के एसजीपीजीआई (SGPGI) में निधन हो गया। 71 वर्षीय गोंड लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही सोनभद्र से लेकर लखनऊ तक शोक की लहर दौड़ गई।

अखिलेश यादव पहुंचे पीजीआई, दी श्रद्धांजलि

विधायक के निधन की खबर मिलते ही सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पीजीआई पहुंचे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, विजय सिंह गोंड का जाना समाजवादी परिवार के लिए एक बड़ा आघात है। उन्होंने अपना पूरा जीवन आदिवासियों और पिछड़ों की सेवा में समर्पित कर दिया। जनता के प्रति उनकी निष्ठा ही थी कि लोगों ने उन्हें बार-बार अपना प्रतिनिधि चुना।

एक अनोखा राजनीतिक सफर

विजय सिंह गोंड को दुद्धी क्षेत्र में राजनीति का पितामह माना जाता था। उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्होंने 1980 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार जीत हासिल कर अपने सफर का आगाज किया था। वे जनता दल, निर्दलीय और समाजवादी पार्टी के टिकट पर कुल 8 बार विधायक चुने गए। 2017 और 2022 की मामूली हार के बाद उन्होंने 2024 के उपचुनाव में फिर से शानदार जीत दर्ज कर साबित किया कि जनता के दिलों में उनकी जगह बरकरार है।

सोनभद्र के जंगलों से लेकर लखनऊ की विधानसभा तक, विजय सिंह गोंड ने हमेशा जनजातीय अधिकारों की बात की। 1989 में जब वे निर्दलीय जीते, तब भी उन्होंने आदिवासियों के मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से रखा। वे एक ऐसे नेता थे जिन्होंने सत्ता की चकाचौंध के बीच भी अपनी सादगी और जमीनी जुड़ाव को कभी नहीं छोड़ा। परिजनों के मुताबिक, उनका पार्थिव शरीर सोनभद्र ले जाया जाएगा, जहां शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Also Read: पार्टी से सस्पेंड होते ही कांग्रेस के 12 पार्षदों ने बदला पाला, सभी ने ज्वाइन की बीजेपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.