UP News: कांवड़ियों की सेवा में उतरीं सपा सांसद इकरा हसन, शिवभक्तों को परोसा भोजन, सौहार्द का दिया संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: सावन महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने शनिवार (19 जुलाई) को अपने लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सेवा शिविरों का उद्घाटन कर शिवभक्तों की सेवा की मिसाल पेश की।
सांसद ने शिवभक्तों को अपने हाथों से भोजन परोसा और सामाजिक एकता व भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “श्रद्धा, सेवा और सहयोग ही हमारे समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। हमें शांति, भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों के साथ खड़ा होना चाहिए।”
इस मौके पर इकरा हसन ने सेवा शिविरों में कार्यरत स्वयंसेवकों की भी सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। सांसद की यह पहल हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बनकर सामने आई है।

एकता और भाईचारे का संदेश
अपने संबोधन में इकरा हसन ने कहा, “कांवड़ यात्रा एक पवित्र आयोजन है, जिसमें भक्तगण अपने आराध्य की भक्ति में लीन रहते हैं। हमारा देश विविधताओं में एकता का प्रतीक है और ऐसे आयोजनों में सहभागिता हमारे सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत करती है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि कुछ तत्व समाज में फूट डालने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनका यह कदम उनके प्रयासों का जवाब है।
इकरा हसन ने सेवा शिविरों की तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। तस्वीरों में सांसद को कांवड़ियों के साथ मुस्कुराते हुए, भोजन परोसते और लोगों से बातचीत करते देखा जा सकता है।
हाल के विवादों के बीच बनी सौहार्द की मिसाल
गौरतलब है कि बीते दिनों इकरा हसन सहारनपुर में एडीएम प्रशासन के साथ हुए विवाद को लेकर भी सुर्खियों में थीं। वहीं, मुरादाबाद में करणी सेना के योगेंद्र राणा द्वारा की गई आपत्तिजनक पोस्ट के विरोध में सपा नेताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
इन सबके बीच सांसद की यह पहल राजनीतिक तनाव के माहौल में सामाजिक सौहार्द की एक सकारात्मक मिसाल मानी जा रही है।

