सपा सांसद प्रिया सरोज का अनिरुद्धाचार्य पर पलटवार, बोलीं– क्या यही प्रवचन में सिखाते हैं?
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। यह बयान अनिरुद्धाचार्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर दिया था, जिसके बाद सियासी पारा चढ़ गया है।
प्रिया सरोज ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, “जब एक बाबा श्रीकृष्ण का नाम बताने में असमर्थ हो जाता है, तो अपनी छवि बचाने के लिए हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का नाम लेकर हिंदू-मुस्लिम का एंगल घसीटकर देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है। क्या आप यही सब अपने प्रवचनों में सिखाते हैं?”
दरअसल, हाल ही में अखिलेश यादव और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में अखिलेश यादव उन्हें भगवान श्रीकृष्ण का पहला पुकार नाम पूछते नजर आते हैं, साथ ही ‘शूद्र’ शब्द का प्रयोग न करने की सलाह भी देते हैं। यह बातचीत सड़क किनारे हुई थी और हल्की तकरार जैसी दिख रही थी।
सपा प्रमुख का नाम लिए बिना कही ये बात
वीडियो वायरल होने के बाद अनिरुद्धाचार्य ने इस मुद्दे को धर्म और समुदाय की ओर मोड़ते हुए एक बयान दिया। उन्होंने अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा “उत्तर प्रदेश के एक पूर्व मुख्यमंत्री ने मुझसे कहा था कि तुम्हारा रास्ता अलग और मेरा रास्ता अलग, सिर्फ इसलिए कि मैंने उनके मनपसंद उत्तर नहीं दिया। लेकिन वो मुसलमानों से ऐसा नहीं कहेंगे, बल्कि उन्हें कहते हैं कि जो तुम्हारा रास्ता है, वही हमारा है।”
जब एक बाबा कृष्ण जी का नाम बताने में असफल हो जाता है, तो अपनी छवि सुधारने के लिए वह राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का नाम हिंदू-मुस्लिम जोड़ कर देश-प्रदेश का माहौल खराब कर देता है। यही सिखाते है ये अपने प्रवचन में..? pic.twitter.com/qGiCzdFuNL
— Priya Saroj (@PriyaSarojMP) July 17, 2025
उन्होंने आगे यह भी कहा जब राजाओं के दिल में ही द्वेष भरा हो, तो भला वे इस देश का कल्याण कैसे करेंगे? वे जनता की सेवा कैसे कर पाएंगे? हालांकि, अखिलेश यादव की ओर से इस पूरे मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन उनकी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज ने खुलकर कथावाचक के बयान का विरोध किया है।
गौरतलब है कि प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंची हैं और इस बार युवा महिला सांसदों में उनकी पहचान बनी है।
Also Read: Lucknow News: ओल्ड मेडिसिन मार्केट में CBN की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख नशीली गोलियां और…

