Ayodhya News: सपा सांसद ने सपरिवार रामलला के किए दर्शन, ध्वजारोहण समारोह में नहीं बुलाए जाने पर जताई नाराजगी
Ayodhya News: समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने रविवार को सपरिवार अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर के शिखर पर हाल ही में हुए ध्वजारोहण समारोह में निमंत्रण न मिलने पर अपनी गंभीर नाराज़गी व्यक्त की।
सांसद अवधेश प्रसाद, जो अनुसूचित जाति (पासी समुदाय) से आते हैं, ने कहा कि उन्हें सपरिवार दर्शन करके बहुत अच्छा लगा और उन पर प्रभु श्रीराम की कृपा है। रामलला के दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए अवधेश प्रसाद ने ध्वजारोहण कार्यक्रम में न बुलाए जाने पर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

अवधेश प्रसाद ने कहा, ध्वजारोहण में हमको इनवाइट नहीं किया गया। अगर मुझे इनवाइट किया गया होता तो मैं नंगे पैर दर्शन करता। 25 तारीख को जनता को भी दर्शन करने नहीं दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि वह 24 नवंबर तक इंतजार करते रहे कि उनका निमंत्रण कार्ड आएगा, लेकिन लोगों ने उनसे कहा कि वह अनुसूचित जाति (दलित/पासी बिरादरी) के हैं, इसलिए उनका कार्ड नहीं आया। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी से भी दो-तीन बार बात करने का ज़िक्र किया।
Also Read: मन की बात में बोले पीएम मोदी, आयरनमैन ट्रायथलॉन जैसे खेलों से देश में उभर रही है नई फिटनेस संस्कृति

