Sambhal News: सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, यूपी सरकार से मांगा जवाब
Sandesh Wahak Digital Desk: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संभल हिंसा मामले में समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क को बड़ी राहत दी है। हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ निचली अदालत में चल रही सुनवाई पर अगली तारीख तक रोक लगा दी है। इसके साथ ही, अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार से इस मामले में तीन हफ्ते के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है।
यह फैसला जस्टिस समीर जैन की एकल पीठ ने सुनाया है। जियाउर्रहमान बर्क की ओर से उनके वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने निचली अदालत में दाखिल चार्जशीट को चुनौती दी थी। अदालत अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 सितंबर 2025 को करेगी।
दरअसल, यह पूरा मामला 24 नवंबर 2024 का है। उस दिन शाही जामा मस्जिद के एक सर्वे के दौरान संभल में हिंसा भड़क उठी थी। हजारों की भीड़ ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की थी, जिसमें कई गाड़ियाँ जला दी गईं और चार लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और जामा मस्जिद के सदर जफर अली समेत कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया गया था। अब हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद जियाउर्रहमान बर्क को फिलहाल बड़ी राहत मिली है।
Also Read: Lucknow News: नगर निगम के कर्मचारियों की सैलरी में कटौती, नगर आयुक्त से हुई शिकायत

