‘सपा अध्यक्ष गोलमोल जवाब न दें, फोटो की हकीकत बताएं’, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना का हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार किया है। शनिवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कोडीन माफिया के साथ अखिलेश यादव की तस्वीरें सामने आने के बाद अब उन्हें देश को जवाब देना चाहिए। खन्ना ने साफ किया कि पकड़े गए आरोपियों का संबंध किसी न किसी रूप में समाजवादी पार्टी से है।

9.42 करोड़ का सिरप सीज

सुरेश खन्ना ने योगी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हवाला देते हुए अब तक हुई पुलिस कार्रवाई का ब्यौरा पेश किया। जिसमें इस मामले में अब तक 75 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। कुल 12,65,455 बोतलें बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत लगभग 9.42 करोड़ रुपये है। इसके अलावा प्रदेश के 33 जनपदों में 140 फर्मों के खिलाफ बीएनएस (BNS) और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

SIT कर रही है गहन जांच

मंत्री ने बताया कि इस बड़े घोटाले की जड़ तक पहुँचने के लिए आईजी (कानून-व्यवस्था) एल.आर. कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय एसआईटी (SIT) गठित की गई है। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि “जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इसमें शामिल हर सफेदपोश या अपराधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।” ,

तस्करी का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन

सुरेश खन्ना ने खुलासा किया कि गंभीर खांसी के इलाज के लिए इस्तेमाल होने वाली कोडीन सिरप का उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा था। इसकी तस्करी बड़े पैमाने पर नेपाल और बांग्लादेश भेजी जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने इस नशीले पदार्थ की तस्करी और इससे होने वाली मौतों पर चुप्पी साध रखी है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार केंद्र सरकार ‘नशा मुक्त भारत’ के लिए प्रतिबद्ध है, उसी प्रकार योगी सरकार ‘नशा मुक्त उत्तर प्रदेश’ के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को चेतावनी दी कि कोडीन युक्त दवाओं की बिक्री का रजिस्टर मेंटेन करना अनिवार्य है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: झांसी की रंजना बनीं ‘स्वावलंबन’ की मिसाल, पति के हादसे के बाद संभाली कमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.