Bareilly News: एसपी ग्रामीण ने लिया परेड का जायजा, कप्तानी परख के साथ एलएचसी बैच को दिए अनुशासन के गुरुमंत्र
Bareilly News: पुलिस महकमे में अनुशासन और कार्यकुशलता को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए आज मंगलवार को पुलिस लाइंस में विशेष परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी (एसपी ग्रामीण) अंशिका वर्मा ने परेड ग्राउंड पहुंचकर सलामी ली और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और उनकी वर्दी (टर्नआउट) की बारिकी से समीक्षा की। परेड की उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के लिए एसपी दक्षिणी ने मौके पर मौजूद मातहत अधिकारियों और प्रभारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए।
पुलिस लाइंस परिसर का औचक निरीक्षण
परेड ग्राउंड में जवानों का हौसला बढ़ाने के बाद पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने पुलिस लाइंस परिसर का सघन दौरा किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं, कार्यालयों और बैरकों की व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान सरकारी अभिलेखों (रजिस्टरों) के रख-रखाव, साफ-सफाई की स्थिति और जवानों के लिए उपलब्ध जरूरी संसाधनों की उपलब्धता जांची गई। एसपी अंशिका वर्मा ने स्पष्ट किया कि कार्यालयों में आने वाली हर फाइल और रिकॉर्ड अप-टू-डेट होना चाहिए, साथ ही परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।

व्यावहारिक पुलिसिंग के निर्देश
निरीक्षण के इसी क्रम में एसपी दक्षिणी ने पुलिस लाइंस में संचालित हो रहे ‘लोअर हेड कांस्टेबल’ (LHC) प्रशिक्षण बैच के समापन के अवसर पर प्रशिक्षु मुख्य आरक्षियों (हेड कांस्टेबलों) से सीधा संवाद किया। उन्होंने ट्रेनिंग ले रहे जवानों की प्रगति और उनके अनुशासन की समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि ट्रेनिंग को सिर्फ कागजों तक सीमित न रखकर इसे अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाया जाए, ताकि फील्ड में पोस्टिंग के दौरान ये जवान जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतर सकें।

विभागीय समस्याओं के त्वरित निस्तारण के आदेश
भौतिक निरीक्षण और संवाद कार्यक्रम को पूरा करने के बाद पुलिस अधीक्षक दक्षिणी द्वारा पुलिस लाइंस में ही अर्दली रूम का आयोजन किया गया। अर्दली रूम के दौरान अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विभागीय मामलों, शिकायतों और सेवा संबंधी प्रकरणों की फाइलें पेश की गईं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसपी दक्षिणी ने संबंधित पटल प्रभारियों को समय सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का न्यायसंगत और त्वरित निस्तारण करने की कड़ी हिदायत दी।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: डिप्रेशन और नींद की परेशानी का नया इलाज, लाइट थेरेपी कैसे बदल रही है लोगों की ज़िंदगी

