Bahraich News: सपा नेता के पिता की हत्या मामले में इंस्पेक्टर और दरोगा समेत 10 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस महकमे के भीतर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एसपी रामनयन सिंह ने पयागपुर थाने की पूरी स्वाट टीम को भंग करने का आदेश जारी कर दिया। शुक्रवार की रात हुई इस बड़ी कार्रवाई में टीम के प्रभारी निरीक्षक, दो दरोगा और सात सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।

दरअसल, पिछले कुछ समय से बहराइच पुलिस कई हाई-प्रोफाइल मामलों को सुलझाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही थी। इसमें सबसे प्रमुख मामला समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के विधानसभा अध्यक्ष विवेक यादव के पिता जगदेव यादव की हत्या का था। 13 जनवरी की रात बघैल ताल में उनकी नृशंस हत्या कर दी गई थी, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी पुलिस के पास कोई सुराग नहीं था।

इसके अलावा, पयागपुर में एक महिला से 20 लाख रुपये के जेवरातों की टप्पेबाजी, कैसरगंज में हुई बड़ी चोरी और ननके हत्याकांड जैसे गंभीर मामलों का खुलासा न होना स्वाट टीम की विफलता का बड़ा कारण बना।

इन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

एसपी ने कार्य में लापरवाही बरतने पर स्वाट प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह यादव, दरोगा सर्वजीत गुप्ता, राशिद अली खान, हेड कांस्टेबल अजीत चंद्र सिंह और सिपाही राहुल वाजपेयी, अमित यादव, अंकुर यादव, विष्णु प्रताप सिंह, संतोष यादव व बजरंगी राय को लाइन हाजिर कर दिया है।

अखिलेश यादव ने भी प्रशासन को घेरा था

विवेक यादव के पिता की हत्या का मामला राजनीतिक रूप से भी गरमाया हुआ था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट कर सरकार और पुलिस के ‘दोहरे रवैये’ पर सवाल उठाए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि बीजेपी राज में कुछ मामलों में तो बुलडोजर बुलेट ट्रेन की स्पीड से पहुँच जाता है, लेकिन यहाँ हत्या के मामले में पुलिस केवल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

Also Read: लखनऊ: RM अमरनाथ सहाय का ‘ग्राउंड जीरो’ पर एक्शन, आलमबाग और चारबाग डिपो में औचक निरीक्षण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.