वाराणसी में रक्तदान पर विशेष बैठक, बीएचयू पहुंचे एसबीटीसी लखनऊ के अधिकारी
Sandesh Wahak Digital Desk: स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन परिषद लखनऊ की संयुक्त निदेशक डॉ. गीता अग्रवाल ने मंगलवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा संकाय स्थित टेलीमेडिसिन सभागार में शहर के विभिन्न समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

वाराणसी के सभी रक्त बैंकों में 24 घंटे संपर्क नंबर की मांग
बैठक में काशी रक्तदान-नेत्रदान कुटुम्ब समिति वाराणसी के संस्थापक सचिव राजेश कुमार गुप्ता ‘सेंचुरियन’ ने लखनऊ से आए अधिकारियों के सामने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि वाराणसी के सभी रक्त बैंकों में 24 घंटे के लिए संपर्क हेतु विशेष नंबर उपलब्ध होना चाहिए, ताकि ज़रूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके। साथ ही ई-रक्तकोष ऐप को अपडेट करने की आवश्यकता बताई।
राजेश गुप्ता ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा हर वर्ष सितम्बर और अक्टूबर माह में डेंगू के समय ब्लड प्रीमियर लीग कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसके माध्यम से रक्त व प्लेटलेट दान को प्रोत्साहन मिलता है। इसके अलावा उन्होंने हेलमेट पर अपना रक्त समूह लिखने की अपील की, जिससे दुर्घटना की स्थिति में तुरंत मदद संभव हो सके।
ई-रक्तकोष ऐप को समय-समय पर सुधारने पर जोर
इस अवसर पर कल्कि फाउंडेशन, ह्यूमन फाउंडेशन, ब्लड कनेक्ट और राष्ट्रीय सेवा योजना के सदस्य भी मौजूद रहे। बीएचयू रक्त केंद्र के डॉ. संदीप कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। बैठक में डॉ. राकेश कुमार राय (उप निदेशक), डॉ. संदीप कुमार, डॉ. अक्षय बत्रा और डॉ. आशुतोष सिंह भी शामिल हुए।
Also Read: Siddharthnagar News: पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार, लाखों की…

