बंगाल में सियासी हलचल तेज, यूसुफ पठान और शुभेंदु अधिकारी की मुलाकात ने बढ़ाई अटकलें

Yusuf Pathan: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बहरामपुर से लोकसभा सांसद यूसुफ पठान की पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद राज्य की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। गुरुवार को यूसुफ पठान ने नबन्न में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। हालांकि, इस बैठक के एजेंडे को लेकर यूसुफ पठान या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

यूसुफ पठान और शताब्दी रॉय की CM से मुलाकात

यूसुफ पठान के अलावा बीरभूम से सांसद शताब्दी रॉय ने भी हाल में मुख्यमंत्री से अलग-अलग मुलाकात की है। इन बैठकों के मुद्दों को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब बीजेपी ने राज्यसभा उपचुनाव की तीन सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है।

इससे पहले जून में तृणमूल कांग्रेस के 20 लोकसभा सांसदों के अलग गुट बनाने और एनसीपीआई यानी नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में विलय की खबरें सामने आई थीं। इस सूची में यूसुफ पठान समेत सायोनी घोष, काकोली घोष दस्तीदार और सुदीप बंदोपाध्याय जैसे नाम शामिल बताए गए थे। इसके अलावा टीएमसी के 60 से ज्यादा विधायकों के भी अलग गुट बनाने की चर्चा है।

प्रसनजीत चटर्जी से मुलाकात पर भी चर्चा

गुरुवार को बंगाली फिल्मों के अभिनेता प्रसनजीत चटर्जी ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक अटकलें शुरू हो गईं, क्योंकि कुछ दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनके आवास पर पहुंचे थे।

हालांकि, प्रसनजीत चटर्जी ने साफ कहा कि बैठक में राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा, “हमने साथ में कॉफी पी और बातचीत की। राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई। बाहर कई तरह की अटकलें हैं, लेकिन उनमें से ज्यादातर सही नहीं हैं।”

वहीं, 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र देकर अलग बैठने की अनुमति मांगी थी। सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया था कि यह संख्या पार्टी के कुल सांसदों की संख्या के दो-तिहाई से अधिक है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.