Pratapgarh News: तेज रफ्तार कार ने 4 लोगों को कुचला, 3 की मौत, ड्राइवर गिरफ्तार
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। मानिकपुर थाना क्षेत्र के मीर गढ़वा चौराहे पर स्थित लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े चार लोगों को बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
यह हादसा देर रात 8 बजकर 25 मिनट पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग सड़क किनारे भुट्टा खा रहे थे, तभी प्रयागराज से लखनऊ की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू हो गई। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। बेकाबू कार ने इन चारों लोगों को बुरी तरह टक्कर मार दी।
हादसे में मधु प्रकाश सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अरविंद, शिल्पा और दिशा को तुरंत रायबरेली के एम्स में रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान अरविंद और शिल्पा ने भी दम तोड़ दिया। दिशा की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
ड्राइवर हिरासत में, लोगों में गुस्सा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत पूरा पुलिस महकमा मौके पर पहुँच गया। सीओ कुंडा, अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। उन्होंने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी और यह हादसा ड्राइवर की लापरवाही का नतीजा है। हादसे की पूरी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसकी मदद से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: UNSC में बदलाव की ज़रूरत, यूएन महासचिव ने कहा- आज के हिसाब से हो सुरक्षा परिषद

