Lucknow News: तेज रफ़्तार फॉर्च्यूनर ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 2 छात्राएं घायल
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ़्तार फॉर्च्यूनर ने एक स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वैन में सवार दो छात्राएं घायल हो गईं। हादसे के बाद फॉर्च्यूनर सवार लोगों ने वैन ड्राइवर की पिटाई भी कर दी, जिससे वैन में बैठे बच्चे बुरी तरह सहम गए।
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे शालीमार गैलेंट चौराहे के पास हुई। पुलिस के अनुसार, माउंट कार्मल कॉलेज की स्कूल वैन नीरा हॉस्पिटल की ओर से आ रही थी, तभी मिड लैंड हॉस्पिटल की ओर से आ रही फॉर्च्यूनर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
वैन में सवार 13 और 15 साल की दो छात्राओं को मामूली चोटें आईं। उन्हें भाउराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वैन में कुल 9 बच्चे सवार थे, जिनमें से बाकी 7 बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।

ड्राइवर का आरोप, टक्कर मारकर की गई पिटाई
स्कूल वैन ड्राइवर पवन कुमार ने महानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि फॉर्च्यूनर ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें टक्कर मारी। इसके बाद फॉर्च्यूनर में सवार लोगों ने उन्हें वैन से बाहर खींचकर जमकर पिटाई की। उनके शोर मचाने पर स्थानीय लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई।
हादसे और ड्राइवर की पिटाई से वैन में सवार बच्चे इतने डर गए थे कि कई बच्चे अपनी पानी की बोतलें और बैग तक वैन में ही छोड़कर चले गए।
पुलिस ने फॉर्च्यूनर और स्कूल वैन दोनों को कब्जे में ले लिया है और दोनों ड्राइवरों से पूछताछ की जा रही है। पता चला है कि फॉर्च्यूनर अलीगंज के स्क्रैप कारोबारी सुशील कुमार अग्रवाल की थी, जिसे उन्होंने सिर्फ 3 दिन पहले अपनी फर्म त्रिदेव इंटरप्राइजेज के नाम पर खरीदा था। उनका बेटा रजत अपनी बहन सौम्य को दिल्ली पब्लिक स्कूल छोड़ने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
Also Read: अब एक ही दिन में क्लियर होंगे सभी चेक, RBI की नई गाइड लाइन कल से लागू

