दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, हवा में फेल हुआ इंजन, सुरक्षित बचे 150 यात्री

Sandesh Wahak Digital Desk: मंगलवार सुबह दिल्ली से लेह जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान (बोइंग 737) में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। विमान के एक इंजन के फेल होने की सूचना के बाद एयरपोर्ट पर ‘इमरजेंसी लैंडिंग’ की घोषणा की गई। विमान में सवार सभी 150 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

उड़ान के तुरंत बाद तकनीकी खराबी

स्पाइसजेट की उड़ान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेह के लिए उड़ान भरी थी। हवा में पहुंचने के कुछ ही समय बाद पायलट को विमान के इंजन में खराबी का आभास हुआ।

सूत्रों और शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान का इंजन नंबर 2 हवा में ही फेल हो गया था। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान को वापस दिल्ली की ओर मोड़ दिया। विमान की लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही और किसी भी प्रकार का हताहत नहीं हुआ।

स्पाइसजेट का आधिकारिक बयान

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी कारणों से विमान को वापस बुलाना पड़ा। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि कॉकपिट में फायर वार्निंग (आग की चेतावनी) का कोई संकेत नहीं मिला था, केवल इंजन में खराबी की समस्या थी। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उन्हें लेह पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है।

सुरक्षा जांच के आदेश

इंजन फेल होने के कारणों का पता लगाने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) इस मामले की विस्तृत जांच कर सकता है। बोइंग 737 विमान की तकनीकी स्थिति की भी गहनता से समीक्षा की जाएगी।

Also Read: अमेठी: टेंट कारोबारी के बेटे की गला रेतकर नृशंस हत्या, नाले में मिला शव; प्रेम विवाह बना मौत की वजह?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.