मन की बात में बोले पीएम मोदी, आयरनमैन ट्रायथलॉन जैसे खेलों से देश में उभर रही है नई फिटनेस संस्कृति

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 128वें एपिसोड में ‘एंड्योरेंस स्पोर्ट्स’ (सहनशक्ति वाले खेल) पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि ये ऐसी स्पोर्ट्स एक्टिविटीज हैं, जिनमें व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक सीमाओं की परख होती है, और यह देश में एक नई खेल संस्कृति के रूप में तेजी से उभर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, कुछ साल पहले तक मैराथन और बाइकेथॉन जैसे खास इवेंट कुछ विशेष लोगों तक ही सीमित थे, लेकिन अब बहुत कुछ बदल चुका है। पीएम मोदी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि देशभर में हर महीने 1,500 से ज़्यादा एंड्योरेंस स्पोर्ट्स का आयोजन होता है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए एथलीट दूर-दूर तक जाते हैं।

पीएम मोदी ने एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के उदाहरण के रूप में आयरनमैन ट्रायथलॉन का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने इसकी कठिन चुनौतियों के बारे में बताया, आप कल्पना कीजिए। अगर आपको यह बताया जाए कि आपके पास एक दिन से भी कम समय है और आपको ये तीन काम करने हैं- समंदर में 4 किलोमीटर तक तैरना, 180 किलोमीटर साइकिल चलाना और करीब 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ लगाना, तो आप सोचेंगे कि ये कैसे संभव है? लेकिन फौलादी हौसले वाले लोग इस काम को भी सफलतापूर्वक कर ले जाते हैं। इसलिए इसे आयरनमैन ट्रायथलॉन कहा जाता है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में गोवा में ऐसा ही एक आयोजन किया गया था, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने फिट इंडिया संडे ऑन साइकल जैसे कार्यक्रमों की बढ़ती लोकप्रियता का भी जिक्र किया, जिनसे फिटनेस को बढ़ावा मिल रहा है।

उत्तराखंड में विंटर गेम्स की तैयारी

पीएम मोदी ने युवाओं को उत्साहित करते हुए बताया कि कुछ ही हफ्तों में उत्तराखंड में विंटर गेम्स का आयोजन भी होने वाला है। उन्होंने कहा कि स्कीइंग या स्नो-बोर्डिंग जैसे बर्फ पर होने वाले कई खेलों की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं, और देशभर के खिलाड़ी और एडवेंचर प्रेमी इस आयोजन को लेकर उत्साहित हैं।

Also Read: सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनी फरियाद, गरीबों की जमीन कब्जाने वालों को सबक सिखाने का दिया आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.