Sports News: ‘शमी भी पीछे-पीछे आ रहे हैं’, मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में होगी वापसी
Sports News: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में वापसी को लेकर पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने भरोसा जताया है।
रैना का मानना है कि शमी ने अच्छा प्रदर्शन किया है और घरेलू क्रिकेट में भी अपनी क्षमता साबित की है।
उन्होंने भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में वापसी का उदाहरण देते हुए कहा कि शमी भी जल्द टीम इंडिया में लौट सकते हैं। हालांकि, शमी की वापसी पर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।
सुरेश रैना ने इंडियन सॉफ्ट बॉल क्रिकेट लीग की जर्सी लॉन्च के मौके पर भुवनेश्वर कुमार के प्रदर्शन और उनकी वापसी की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि 36 साल की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाना बड़ी उपलब्धि है। भुवनेश्वर ने अपनी फिटनेस और अनुशासन पर काम किया, जिसका उन्हें फायदा मिला है।
मोहम्मद शमी को लेकर रैना ने कहा, “बिल्कुल, मुझे लगता है कि शमी ने अच्छा प्रदर्शन किया है और घरेलू क्रिकेट में भी अच्छा खेले हैं। अब भुवी की बारी है और शमी भी पीछे-पीछे आ रहे हैं, टेंशन मत लीजिए।”

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से टीम इंडिया से बाहर हैं शमी
मोहम्मद शमी ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था। टेस्ट क्रिकेट में उनकी पिछली उपस्थिति विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रही थी।
इसके बाद से वह घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के जरिए टीम में वापसी की दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।
शमी रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के शुरुआती मुकाबले में बंगाल की ओर से खेल रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन और फिटनेस टीम इंडिया में वापसी के लिहाज से अहम होंगे।
आईपीएल 2025 और 2026 में उन्होंने कुल 22 मैचों में 18 विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 10 रन प्रति ओवर रही।
भुवनेश्वर कुमार की वापसी से बढ़ी उम्मीद
भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 विकेट हासिल किए और 8.07 की इकॉनमी रेट दर्ज की।
वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की खिताबी जीत में भी उनकी अहम भूमिका रही।
भुवनेश्वर का प्रदर्शन बताता है कि स्विंग, सटीक लाइन-लेंथ और डेथ ओवरों में प्रभावी गेंदबाजी के दम पर अनुभवी खिलाड़ी अपनी उपयोगिता साबित कर सकते हैं।
अब शमी के सामने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने और फिटनेस साबित करने की चुनौती है। हालांकि, उनकी वापसी पर अंतिम फैसला चयनकर्ताओं को ही लेना है।
Also Read: इंदौर T20 में शिवम दुबे की हो सकती है छुट्टी, नीतीश कुमार रेड्डी को मिलेगा मौका!

