सिद्धार्थनगर में सपा की ‘PDA पंचायत’, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने सैकड़ों लोगों को दिलाई सदस्यता

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाते हुए शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पंडितपुर में ‘PDA पंचायत’ का भव्य आयोजन किया। इस पंचायत का नेतृत्व सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने किया।

सदस्यता वितरण और अखिलेश का संदेश

इस आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को सम्मानित किया गया और उन्हें समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। साथ ही, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश पत्र भी जनता के बीच वितरित किया गया। जनता को संबोधित करते हुए मणेन्द्र मिश्रा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की कुनीतियों से त्रस्त है।

मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि किसानों की हालत बदहाल है, छात्र और नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, और तहसील एवं थाने भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ितों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता अब पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी सरकार को याद कर रही है।

‘PDA’ से 2027 में सत्ता वापसी की राह

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता से 2027 में समाजवादी सरकार बनने की राह मजबूत हो रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर ही समाज का हर वर्ग खुशहाल होगा। इस पंचायत का आयोजन पार्टी के कार्यकर्ता शादाब द्वारा किया गया था। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शकील शाह, राष्ट्रीय सचिव अजय चौरसिया, उमेश यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : जाकिर खान

 

Also Read: वाराणसी दौरे पर मंत्री असीम अरुण, वाल्मीकि जयंती से लेकर वृद्धाश्रम तक देंगे सामाजिक समरसता का संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.