Squash World Cup 2025: भारत ने रचा इतिहास, पहली बार बना विश्व चैंपियन

फाइनल में हांगकांग को 3-0 से हराया, पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत ने स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 जीतकर खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है।

भारतीय स्क्वैश टीम ने रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में हांगकांग को 3-0 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। यह पहली बार है जब किसी एशियाई देश ने स्क्वैश वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है।

मिक्स्ड-टीम फॉर्मेट में खेले गए इस टूर्नामेंट में भारत ने एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतरता के दम पर भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से अंत तक दबदबा बनाए रखा।

इससे पहले भारतीय टीम कभी भी स्क्वैश वर्ल्ड कप के फाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी। 2023 में टीम को सेमीफाइनल में हार मिली थी, लेकिन इस बार तैयारी और रणनीति पूरी तरह बदली हुई दिखी।

Squash World Cup 2025

ग्रुप स्टेज से फाइनल तक भारत का दबदबा

दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में स्विट्जरलैंड और ब्राजील को 4-0 से हराकर शानदार आगाज किया।

इसके बाद क्वार्टर फाइनल में साउथ अफ्रीका को शिकस्त दी। सेमीफाइनल में दो बार की चैंपियन मिस्र के खिलाफ भारत ने 3-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल में दमदार प्रदर्शन

फाइनल में अनुभवी जोशना चिनप्पा ने दुनिया की 37वें नंबर की खिलाड़ी ली का यी को 3-1 से हराकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद एशियाई खेलों के पदक विजेता अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को 3-0 से मात दी।

निर्णायक मुकाबले में 17 वर्षीय अनाहत सिंह ने दुनिया की 31वें नंबर की खिलाड़ी टोमैटो हो को 3-0 से हराकर भारत की ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी। इसके बाद पुरुष राष्ट्रीय चैंपियन वेलावन सेंथिलकुमार को खेलने की जरूरत ही नहीं पड़ी।

ओलंपिक से पहले बड़ी कामयाबी

इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, मिस्र, हांगकांग, जापान, मलेशिया, ईरान, पोलैंड, दक्षिण अफ्रीका और स्विट्जरलैंड सहित 12 देशों ने हिस्सा लिया।

1996 में शुरू हुए स्क्वैश वर्ल्ड कप में अब तक ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और मिस्र का दबदबा रहा है। ओलंपिक से पहले भारत की यह जीत देश के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Also Read: BCCI के फैसले से मची हलचल, IPL Auction से पहले 9 खिलाड़ियों का पत्ता साफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.