श्रीगंगानगर बॉर्डर पर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई 20 करोड़ की हेरोइन जब्त, 3 संदिग्ध हिरासत में
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गुरुवार देर रात सीमा सुरक्षा बल (BSF) और स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए भेजी गई करीब 4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
घटना रावला थाना क्षेत्र के गांव 15 केएनडी की है। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से एक ड्रोन भारतीय सीमा में दाखिल हुआ और हेरोइन के पैकेट खेत में गिराने के बाद वापस लौटने लगा। हालांकि, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से ड्रोन वापस नहीं जा सका और सीमा के पास ही एक खेत में गिर गया। जैसे ही ड्रोन की हलचल महसूस हुई, बीएसएफ और पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान (Search Operation) शुरू किया। मौके से एक आधुनिक ड्रोन और हेरोइन के 4 पैकेट बरामद किए गए।
अनूपगढ़ के सीओ प्रशांत कौशिक ने बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में अंदेशा जताया जा रहा है कि ये लोग पंजाब के ड्रग माफिया से जुड़े हो सकते हैं और सीमा पर ड्रोन से गिरी खेप की ‘डिलीवरी’ लेने आए थे।
Also Read: लखनऊ: जान से मारने की नियत से हमला करने वाले 4 सगे भाई गिरफ्तार, हसनगंज पुलिस ने की कार्रवाई

