बलरामपुर में एसएसबी ने रक्तदान शिविर आयोजित, 65 अधिकारियों-जवानों ने किया रक्तदान

Sandesh Wahak Digital Desk: “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के तहत शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 09वीं वाहिनी के चिकित्सालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संयुक्त जिला चिकित्सालय, बलरामपुर ने सहयोग किया।

शिविर का शुभारंभ 09वीं वाहिनी की उप कमांडेंट नैंसी सिंगला और 50वीं वाहिनी के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। आयोजन कमांडेंट 09वीं और 50वीं वाहिनी के निर्देशन तथा सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. यादवेंद्र यादव की देखरेख में संपन्न हुआ।

रक्तदान शिविर में 09वीं और 50वीं वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 04 अधिकारियों और 61 जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान न सिर्फ जरूरतमंद का जीवन बचाता है, बल्कि समाज में स्वस्थ जीवनशैली और जिम्मेदारी का संदेश भी देता है।

वक्ताओं ने यह भी जोर दिया कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की मजबूती को बढ़ावा देता है। एसएसबी ने भरोसा दिलाया कि वह आगे भी समाजहित और जनजागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: बलरामपुर में सीएम योगी का दो दिवसीय दौरा, देंगे 1000 करोड़ की सौगात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.