SSC JE 2025: एसएससी जेई भर्ती में रिक्तियां बढ़ीं, अब कुल 1,731 पदों पर होगी नियुक्ति
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जूनियर इंजीनियर (JE) भर्ती 2025 के लिए रिक्तियों की संख्या में इजाफा कर दिया है। अब कुल 1,731 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। पहले आयोग द्वारा जारी अधिसूचना में केवल 1,340 पदों का उल्लेख था, लेकिन ताजा अपडेट में यह संख्या बढ़ाकर 1,731 कर दी गई है। रिक्तियों का यह विवरण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर अपलोड किया गया है।
सबसे अधिक रिक्तियां सीमा सड़क संगठन (BRO) में हैं, जहां कुल 796 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके बाद 210 रिक्तियां केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) और 202 रिक्तियां मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (MES) में निर्धारित की गई हैं। इसके अतिरिक्त, जल शक्ति मंत्रालय, रेलवे, केंद्रीय जल आयोग आदि विभागों में भी JE के विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
ब्रांच-वाइज रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है:
- सिविल इंजीनियरिंग: 1,312 पद
- मैकेनिकल इंजीनियरिंग: 21 पद
- इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग: 99 पद
- इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग (संयुक्त): 299 पद
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन दो चरणों की परीक्षा के आधार पर किया जाएगा – पेपर-1 (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) और पेपर-2 (डिस्क्रिप्टिव)।

महत्वपूर्ण तिथियां इस प्रकार हैं:
- ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत: 30 जून 2025
- आवेदन की अंतिम तिथि: 21 जुलाई 2025 (रात 11 बजे तक)
- शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 22 जुलाई 2025
- करेक्शन विंडो: 1-2 अगस्त 2025
- पेपर-1 परीक्षा: 27 से 31 अक्टूबर 2025
- पेपर-2 परीक्षा: जनवरी-फरवरी 2026 में संभावित
पंजीकरण प्रक्रिया 30 जून से 21 जुलाई 2025 तक चली, जिसमें देशभर के हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। बढ़ी हुई रिक्तियों से उम्मीदवारों की उम्मीदें और भी प्रबल हुई हैं। SSC JE भर्ती भारत सरकार के विभिन्न तकनीकी विभागों में इंजीनियरों की नियुक्ति के लिए एक प्रतिष्ठित अवसर माना जाता है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें और परीक्षा की तैयारी में जुटे रहें।
Also Read: शेख हसीना ने अंतरिम सरकार को घेरा, कहा- सत्ता जनता की होती है

