हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़, 6 श्रद्धालुओं की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के हरिद्वार में रविवार सुबह एक दुखद घटना घटित हुई। मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए जुटी भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 6 लोगों की मौत होने और कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। यह हादसा मंदिर की सीढ़ियों के पास हुआ, जहाँ श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई थी।
गढ़वाल डिवीजन के कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित रूप से भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसके चलते यह दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ हुई। फिलहाल, बचाव कार्य जारी है और घायलों को अस्पताल पहुँचाया जा रहा है। प्रशासन ने घटना की जाँच के आदेश दे दिए हैं।
भगदड़ में 6 लोगों की मौत पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। साथ ही, घटना की मजिस्ट्रियल जांच के भी निर्देश दिए गए हैं।
सीएम धामी ने ट्वीट कर कहा, हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुए हृदय विदारक हादसे में 6 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

बिजली के करंट की अफवाह से मची भगदड़
हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची इस भगदड़ पर सीएम धामी ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया, आज सुबह करीब 9 बजे हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों के पास एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। एक अफवाह फैली, जिसके कारण भगदड़ मच गई जिसमें छह लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, बचाव अभियान जारी है।
Also Read:Lucknow News: बेटी के भविष्य को लेकर आत्महत्या करने की कोशिश पर मजबूर हुई मां,आरएमएल में चल रहा इलाज

