Lucknow News: एक पेड़ मां के नाम अभियान की धूम, सहकारिता बैंक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने किया पौधरोपण

Lucknow News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देशभर में शुरू हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में सहकारिता विभाग द्वारा लखनऊ के माल विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी बहुउद्देशीय सहकारी समितियों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। क्षेत्र की देवरी भारत स्थित सहकारी समिति पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश जिला सहकारी बैंक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सहकारिता विभाग और ब्लॉक स्तर पर हुआ वृहद आयोजन

मुख्य अतिथि वीरेंद्र प्रताप सिंह ने देवरी भारत समिति पर पौधरोपण करने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ विकास खंड कार्यालय (ब्लॉक ऑफिस) पहुंचकर भी इस अभियान को आगे बढ़ाया। ब्लॉक मुख्यालय पर खंड विकास अधिकारी (BDO) सर्जना शुक्ल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विधिवत पौधरोपण किया। वहीं सहकारी समिति परिसर में जिला महाप्रबंधक आवेश मौर्य, उप महाप्रबंधक धर्मेंद्र यादव, शाखा प्रबंधक सर्वेश यादव, बी-पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार सिंह और सचिव बीरपाल सिंह सहित विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-एक पौधा रोपकर धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।

हर सहकारी समिति पर 5-5 पेड़ लगाने का रखा गया लक्ष्य

इस मौके पर सहकारिता बैंक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार क्षेत्र की सभी बहुउद्देशीय साधन सहकारी समितियों को कम से कम पांच-पांच पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने का लक्ष्य सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन द्वारा सभी विकास खंडों में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर इस पुनीत कार्य में जुटे हैं। पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए हम सभी इस मुहिम में पूरी ऊर्जा के साथ बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं।

कार्यक्रम का समापन ‘पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ’ के सामूहिक नारे और संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों को न सिर्फ पौधे लगाने बल्कि उन्हें जीवित रखने की जिम्मेदारी भी समझाई गई। इस अवसर पर बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से मंडल प्रभारी राजू कश्यप, मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, मंडल महामंत्री पवन शर्मा, शक्ति केंद्र संयोजक राजकुमार मिश्रा, मंडल महामंत्री लोकेश रावत, शक्ति केंद्र संयोजक सुरेश कुमार मौर्य, धरती पाल सिंह (दरोगा), पंकज यादव सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और किसान शामिल हुए।

Also Read: Siddharthnagar News: 30 टन गेहूं गबन कर फरार ट्रक ड्राइवर और खलासी गिरफ्तार, माल और कैश बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.