बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट में शामिल 1 लाख के इनामी को STF ने किया गिरफ्तार
Kannauj News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कन्नौज जिले में एक बुजुर्ग महिला की सुनियोजित हत्या और लूट के मामले में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी पंकज चौहान उर्फ जसवंत है, जिसने शिकार का विश्वास जीतने के लिए ‘टाइल्स लगाने वाले मिस्त्री’ का भेष धारण किया था।
मामला कन्नौज के मकरंद नगर इलाके का है। आरोपी पंकज चौहान और उसका दामाद सूरज कश्यप सुनीता देवी नाम की बुजुर्ग महिला के घर टाइल्स लगाने का काम करने पहुंचे थे। काम के दौरान उन्हें पता चला कि घर में काफी नकदी और जेवरात हैं। इसके बाद दोनों ने एक सुनियोजित साजिश रची।
विश्वास जीतकर की वारदात
लूट की योजना को अंजाम देने के लिए उन्होंने सुनीता देवी का भरोसा जीतना शुरू किया। टाइल्स का काम करने के अलावा, वे उनके घर के छोटे-मोटे घरेलू काम भी करने लगे। जब पूरा विश्वास मिल गया, तो उन्होंने एक दिन मौका देखकर सुनीता देवी और उनकी बेटी को बंधक बना लिया। उनके मुंह में कपड़ा ठूस दिया और पूरे घर को लूट लिया। दुर्भाग्य से, सुनीता देवी के मुंह में कपड़ा फंसने से उनकी सांस रुक गई और उनकी मौत हो गई। लूट का माल लेकर दोनों बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद आरोपी दामाद सूरज कश्यप तो जल्द ही पकड़ा गया, लेकिन पंकज चौहान फरार रहा। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि पंकज चौहान कन्नौज के तिर्वा रोड इलाके में किसी से मिलने आ रहा है। इसी सूचना के आधार पर 23 जनवरी की सुबह करीब साढ़े तीन बजे, नायरा पेट्रोल पंप के पास हनुमान मंदिर के करीब, एसटीएफ की एक टीम ने उसे धर दबोचा।
गिरफ्तारी के वक्त आरोपी के पास से चांदी की एक मूर्ति, एक छल्ला, एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल (PB-10DH-9484) और 16,680 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पूछताछ में पता चला है कि अपने दामाद के पकड़े जाने के बाद से पंकज चौहान नेपाल, लुधियाना, एनसीआर, बलरामपुर, गोंडा और कन्नौज के इलाकों में छिपता-छिपाता रहा था, लेकिन अब पुलिस के जाल से बच नहीं सका। गिरफ्तार आरोपी को संबंधित मामले में कोतवाली थाने में पेश कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: SIR में कटा राजा भैया की बेटियों का नाम, भड़कीं भानवी सिंह

