मेरठ से लाकर जौनपुर में सप्लाई करने जा रही थी असलहा, मुस्कान तिवारी लखनऊ में गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह की सक्रिय सदस्य मुस्कान तिवारी को लखनऊ के कैसरबाग बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। मुस्कान तिवारी के कब्जे से 04 पिस्टल (32 बोर), 07 मैगजीन और 01 मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि शुभम सिंह गैंग की सदस्य मुस्कान तिवारी मेरठ से असलहे लेकर लखनऊ के कैसरबाग बस स्टेशन पहुंचने वाली है। इस सूचना पर एसटीएफ वाराणसी की टीम ने स्थानीय पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर घेराबंदी की और मुस्कान तिवारी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: मुस्कान तिवारी
पिता का नाम: संतोष तिवारी
निवासी: रूदौली, थाना सरपतहा, जनपद जौनपुर

बरामदगी:
04 पिस्टल (32 बोर)
07 मैगजीन
01 मोबाइल फोन
पिछली गतिविधियां और गिरोह का नेटवर्क
गौरतलब है कि मुस्कान तिवारी को पहले भी 15 दिसंबर 2024 को जनपद सुल्तानपुर से एसटीएफ ने दो पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि वह शुभम सिंह गैंग की सक्रिय सदस्य है। शुभम सिंह का यह गैंग पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली सहित कई राज्यों में असलहों की तस्करी में संलिप्त है।
दरअसल एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मुस्कान तिवारी मेरठ के शोहराबगेट बस स्टेशन के पास से 04 पिस्टल लेकर लखनऊ आ रही है। इसके लिए उसे 50 हजार रुपये का भुगतान किया गया था। प्रत्येक पिस्टल की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये है। मुस्कान तिवारी को इन असलहों को शाहगंज, जनपद जौनपुर में सप्लाई करना था। एसटीएफ ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार मुस्कान तिवारी के विरुद्ध थाना वजीरगंज, जनपद लखनऊ में मुकदमा अपराध संख्या 67/2025 धारा 111B एनएसए और 3/25 आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।
Also Read: Lucknow: कैसरबाग बस अड्डे पर संदिग्ध महिला गिरफ्तार, 5 पाकिस्तानी…

