Lucknow News: STF ने 50 हजार के इनामी शशांक बजाज को पंजाब से किया गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले पांच सालों से फरार चल रहे 50,000 रुपये के इनामी अपराधी शशांक बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। शशांक पर हत्या का आरोप था और वह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। उसे सोमवार को पंजाब के लुधियाना से पकड़ा गया।

शशांक बजाज (34) पीलीभीत के जोगीपुर गांव का रहने वाला है। वह बदायूं के कोतवाली थाने में साल 2015 में दर्ज एक हत्या के मामले में आरोपी था। शशांक ने पूछताछ में बताया कि उसका अपने पड़ोसी सुभाष चंद्र शर्मा से पुराना विवाद था। सुभाष चंद्र ने अपने बेटे के साथ मिलकर शशांक के पिता के साथ मारपीट की थी। इसी रंजिश के चलते शशांक ने अपने परिवार के साथ मिलकर 1 मई, 2015 को सुभाष चंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

अस्पताल से हुआ था फरार

इस हत्या के बाद वह अपने पिता के साथ देहरादून भाग गया था, जहां दोनों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। साल 2019 में शशांक को बदायूं जेल से पीलीभीत जेल में शिफ्ट किया गया। इसी दौरान कोरोना महामारी के समय वह बीमार हुआ और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल से ही वह मौका पाकर फरार हो गया। इसके बाद से ही वह पुलिस की पकड़ से बाहर था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।

उत्तर प्रदेश एसटीएफ को फरार अपराधियों के बारे में लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी कड़ी में, एसटीएफ की नोएडा यूनिट को खुफिया जानकारी मिली कि शशांक बजाज पंजाब के साहनेवाल लुधियाना में छिपा हुआ है। सूचना मिलने पर टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

शशांक के पास से उसका आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद हुआ है। उसे पीलीभीत के कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे के तहत अदालत में पेश किया जाएगा। शशांक का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और उस पर हत्या, मारपीट और जान से मारने की कोशिश जैसे कई मामले दर्ज हैं।

Also Read: Varanasi News: 7 करोड़ के सरकारी गबन का आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.