प्रतापगढ़ में STF को बड़ी सफलता, 50,000 का इनामी गैंगस्टर गुफरान खान गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शनिवार, 18 मई (रविवार) को गैंगस्टर एक्ट में वांछित और ₹50,000 के इनामी अपराधी गुफरान खान को प्रतापगढ़ जिले में एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत गिरफ्तार कर लिया। गुफरान लंबे समय से फरार था और उसके ऊपर संगठित आपराधिक गिरोह संचालित करने के गंभीर आरोप थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गैंगस्टर गुफरान को रविवार दोपहर रानीगंड थाना क्षेत्र के भागीपुर गांव के पास से की गई है।

गुफरान खान के बारे में STF को कई दिनों से इनपुट मिल रहे थे कि वह अपने गिरोह के साथ सक्रिय रूप से लूट, डकैती और ट्रक चोरी की घटनाओं में शामिल है। इसी क्रम में प्रयागराज स्थित STF फील्ड यूनिट ने पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एक टीम गठित की।

सूचना मिलने पर कि गुफरान भागीपुर सड़क के पास मौजूद है और फरार होने की कोशिश कर रहा है, STF टीम ने मुखबिर की सूचना पर विश्वास करते हुए तुरंत कार्रवाई की। उप निरीक्षक विनय तिवारी और उनकी टीम जिसमें हबीब सिद्दीकी, साजित अली, विकास तिवारी, सुनील कुमार, प्रवीण जायसवाल, पंकज तिवारी और चालक मनोज कुमार यादव शामिल थे, ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने किए कई खुलासे

गुफरान ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह का हिस्सा है, जो ट्रक और अन्य मालवाहनों की चोरी व लूट में शामिल रहा है। उसके साथ नदीम, बृजेश कुमार, शकील और महमूद जैसे अपराधी भी घटनाओं को अंजाम देते थे।

दिसंबर 2023: लखनऊ के मोहनलालगंज से सीमेन्ट शीट्स लादकर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर जा रहे ट्रक (NL-01-AT-3183) को फतनपुर थाना क्षेत्र में ड्राइवर को गनपॉइंट पर उठाकर, बेहोश कर लूट लिया गया था। इसमें ₹25,000 की नकदी भी लूटी गई थी।

फरवरी 2024: बारा एनटीपीसी के पास 14 चक्का कंटेनर में सो रहे ड्राइवर पर हमला कर गाड़ी लूट ली गई। ड्राइवर को बाद में बरगढ़ थाना क्षेत्र के पास छोड़ दिया गया।

मार्च 2024: पीपरपुर (अमेठी) से ईंट लादकर रीवा (म.प्र.) जा रहे ट्रक (UP-45-T-7672) को सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ मार्ग पर स्थित सैनिक ढाबे से चोरी कर लिया गया। इस मामले में कोतवाली नगर, प्रतापगढ़ में केस दर्ज हुआ था।

गुफरान को पूर्व में शंकरगढ़ थाने में दर्ज केस (मु.अ.सं. 44/24) में भी जेल भेजा गया था। जमानत पर छूटने के बाद गैंगस्टर एक्ट और इनाम घोषित होने की सूचना पाकर वह फरार हो गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था।

वर्तमान में दर्ज गैंगस्टर एक्ट केस:

  • मामला: मु.अ.सं. 72/2025
  • धारा: 2/3 गैंगस्टर एक्ट
  • थाना: फतनपुर, प्रतापगढ़

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना रानीगंज लाकर विधिक कार्रवाई पूरी की गई और आगे की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। STF उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर गंभीर और संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक इनामी और खतरनाक अपराधी को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। पुलिस की यह कार्यवाही राज्य में अपराध और अपराधियों के मनोबल पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है।

Also Read: Gonda News: मनरेगा में भ्रष्टाचार की शिकायत पर ग्राम प्रधान ने किया जानलेवा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.