मुजफ्फरनगर में STF की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में संजीव जीवा गैंग का शूटर शाहरुख पठान ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने रविवार रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा और माफिया डॉन मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़े कुख्यात शूटर शाहरुख पठान को STF ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ छपार क्षेत्र के बिजोपुरा तिराहे के पास देर रात हुई।
STF पर बरसाए 10 राउंड, जवाब में ढेर
शाहरुख पठान ने पुलिस पर 10 से अधिक राउंड फायरिंग की, लेकिन STF की जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। शाहरुख मुजफ्फरनगर के थाना खालापार क्षेत्र का निवासी था और उसके खिलाफ 12 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
मौके से भारी असलहा बरामद
एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद मौके से 3 पिस्टल, 60 से अधिक कारतूस, एक कार, एक 9mm की देसी पिस्टल बरामद की है। एसटीएफ के एएसपी बृजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कार सवार बदमाश इलाके से गुजरने वाला है। उसी के आधार पर टीम ने घेराबंदी की और देर रात मुठभेड़ हो गई। एएसपी के मुताबिक, शाहरुख का आपराधिक इतिहास बेहद खतरनाक रहा है, और वह पहले भी पुलिस कस्टडी में हत्या जैसे अपराध कर चुका है।
गिरोह और नेटवर्क की तलाश जारी
पुलिस अब इस मुठभेड़ के बाद शाहरुख के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच जारी है और STF यह पता लगाने में लगी है कि वह हाल ही में किस-किस गतिविधि में शामिल रहा था।

