कानपुर में STF का बड़ा एक्शन, 50,000 का इनामी अपराधी ‘विपिन टेडी’ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर कमिश्नरेट में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान में उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ ने शहर के कुख्यात अपराधी और 50 हजार रुपये के इनामी विपिन ठाकुर उर्फ विपिन टेडी को गिरफ्तार कर लिया है। विपिन काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।
गेस्ट हाउस के पास बिछाया गया जाल
एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी विपिन टेडी कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में किसी से मिलने आने वाला है। इस सूचना पर सक्रिय हुई एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर ‘सिद्धि विनायक गेस्ट हाउस’ के पास घेराबंदी की। मंगलवार सुबह करीब 11:15 बजे जैसे ही विपिन वहां पहुंचा, टीम ने उसे दबोच लिया।
नोएडा भाग गया था होटल में गैंगवार के बाद
पूछताछ के दौरान विपिन ने कबूल किया कि साल 2025 में बर्रा इलाके के ‘होटल वर्धमान गैलेक्सी’ में दो गुटों के बीच भीषण मारपीट, पथराव और गोलीबारी हुई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए नोएडा भाग गया था और वहां छिपकर रह रहा था।
विपिन टेडी का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। उसने बताया कि साल 2015 में पहली बार एक मारपीट की घटना में उसके खिलाफ बर्रा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। साल 2016 में उसने ‘भाटिया’ नाम के व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद वह स्थानीय विवादों और गैंगवार में इतना सक्रिय हो गया कि उसके खिलाफ मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट के कुल 16 मुकदमे दर्ज हो गए।
अब सलाखों के पीछे
एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त को कानपुर के बर्रा थाने में दाखिल कर दिया है। पुलिस अब उससे उसके अन्य साथियों और अवैध हथियारों के बारे में पूछताछ करेगी। विपिन की गिरफ्तारी को कानपुर पुलिस के लिए एक बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि वह पिछले कई महीनों से कानून के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
Also Read: UP News: फिरोजाबाद को मिला ‘आदर्श थाना दक्षिण’, DGP बोले- थाने जनता की उम्मीदों का केंद्र हैं

