Stock Market को नहीं रास आया Budget 2025, मायूसी के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
Budget 2025 : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में वित्त वर्ष 2025-26 का केंद्रीय बजट पेश किया। इस बजट में मिडिल क्लास पर विशेष ध्यान दिया गया और 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को टैक्स-फ्री कर दिया गया। हालांकि, शेयर बाजार को यह बजट पसंद नहीं आया और शनिवार को छुट्टी वाले दिन खुले बाजार में मायूसी छाई रही। बीएसई सेंसेक्स 5.39 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 77,505.96 अंकों पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 26.25 अंकों की गिरावट के साथ 23,482.15 अंकों पर रहा।
बजट भाषण के बीच बाजार में उतार-चढ़ाव
बजट भाषण के दौरान शुरुआत में बाजार अच्छी बढ़त के साथ चल रहा था, लेकिन इंडस्ट्री के लिए कोई बड़ा ऐलान नहीं होने के कारण बाजार ने अचानक पलटी मारी और गिरावट के साथ लाल निशान में आ गया। इसके बाद बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अंत में निफ्टी लाल निशान में बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स फ्लैट रहते हुए हरे निशान में रहा।
कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन
शनिवार को सेंसेक्स की 30 में से 16 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए, जबकि 14 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे। निफ्टी 50 की 50 कंपनियों में से 22 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ बंद हुए, जबकि 28 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ रहे।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में जोमैटो के शेयर सबसे ज्यादा 7.17% की बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि पावरग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा 3.71% की गिरावट के साथ रहे। अन्य कंपनियों में मारुति सुजुकी (4.98%), आईटीसी होटल्स (4.71%), आईटीसी (3.33%), महिंद्रा एंड महिंद्रा (2.96%), और एशियन पेंट्स (2.16%) के शेयर तेजी के साथ बंद हुए।
वहीं, लार्सन एंड टुब्रो (3.36%), एनटीपीसी (2.04%), अल्ट्राटेक सीमेंट (2.03%), एचसीएल टेक (1.87%), और टेक महिंद्रा (1.65%) के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

