यूपी में आंधी का कहर और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, मायावती ने की आर्थिक मदद की मांग

Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में हाल ही में आए भीषण आंधी-तूफान से हुए नुकसान और ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल सरकारी सहायता देने और बढ़ती महंगाई पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

मायावती ने उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित हुए लोगों के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए लिखा कि हालिया आंधी-तूफान ने राज्य के कई जिलों में भारी तबाही मचाई है, जिससे बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की है कि वह अपनी पूरी उदारता दिखाते हुए पीड़ितों की हरसंभव मदद के लिए आगे आए। संकट की इस घड़ी में सरकार को हर प्रकार का सहयोग देना चाहिए ताकि प्रभावित लोग अपने उजड़े और बिखरे हुए जीवन को समेटकर दोबारा से एक नई शुरुआत कर सकें।

ईंधन के दामों में 3 रुपये की बढ़ोतरी पर केंद्र को घेरा

इसके साथ ही बसपा प्रमुख ने देश में आवश्यक वस्तुओं और खासकर पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल के दामों में की गई 3 रुपये प्रति लीटर की ताजा बढ़ोतरी से देश के करोड़ों गरीबों, मेहनतकश मजदूरों, किसानों और मध्यम वर्ग (मिडिल क्लास) के जीवन पर बेहद बुरा असर पड़ेगा। मायावती ने आगाह किया कि इस कमरतोड़ महंगाई का सीधा असर आम परिवारों के पालन-पोषण और उनकी बुनियादी जरूरतों पर पड़ रहा है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि समय की मांग है कि सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए महंगाई को कम करने के लिए तत्काल सार्थक और प्रभावी कदम उठाए।

Also Read: 38 साल के करियर में बिना स्क्रिप्ट पढ़े सुपरस्टार बने सलमान खान, खुद किया बड़ा खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.