Moradabad News: कुत्तों ने 4 साल की मासूम को नोच-नोचकर मार डाला

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और अमरोहा जिलों से आवारा कुत्तों के जानलेवा हमले की ऐसी खबरें सामने आई हैं, जिसने हर माता-पिता के दिल में दहशत भर दी है। मुरादाबाद में एक मासूम बच्ची कुत्तों का शिकार बन गई, वहीं अमरोहा में स्थानीय लोगों की सक्रियता से दो बच्चों की जान बाल-बाल बच गई।

मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव में सोमवार शाम एक रूह कंपा देने वाली घटना हुई। गांव के रहने वाले नौशाद की चार वर्षीय बेटी मुरसद उर्फ लड्डू घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। बाकी बच्चे तो जान बचाकर भाग निकले, लेकिन छोटी सी मुरसद कुत्तों के चंगुल में फंस गई।

कुत्तों का झुंड मासूम को घसीटते हुए पास के तालाब की ओर ले गया। जब तक परिवार वाले शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला था। मंजर इतना भयानक था कि कुत्तों ने बच्ची के शरीर के अंगों को खाना शुरू कर दिया था। अस्पताल ले जाने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से घर में कोहराम मचा है। हालांकि, गमगीन परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है।

अमरोहा, सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर

अमरोहा के मोहल्ला पचदरा में भी एक ऐसी ही घटना हुई, जहाँ रास्ते से जा रहे एक बच्चे पर करीब एक दर्जन कुत्तों ने एक साथ हमला बोल दिया। बच्चा जमीन पर गिर पड़ा और चीखने लगा। गनीमत रही कि पास मौजूद लोग तुरंत लाठी-डंडे लेकर दौड़े और कुत्तों को भगाकर मासूम की जान बचाई। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे देखकर लोग सहमे हुए हैं। इसी तरह का एक और मामला अमरोहा की आवास विकास कॉलोनी में सामने आया, जहाँ साइकिल से जा रहे एक बच्चे को कुत्तों ने घेर लिया। वहाँ भी स्थानीय लोगों ने दौड़कर बच्चे को सुरक्षित बचाया।

Also Read: संजय सेतु या ‘मौत का पुल’? नजमुल हसन ने नितिन गडकरी को पत्र लिख याद दिलाया वादा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.