डॉग लवर्स के विरोध के बाद बदला फैसला, अब आवारा कुत्तों पर सुनवाई के लिए बनी सुप्रीम कोर्ट की नई बेंच

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के एक हालिया फैसले ने विवाद खड़ा कर दिया था, जिसमें सभी आवारा कुत्तों को शेल्टर होम में भेजने का आदेश दिया गया था। अब इस मामले की सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने तीन जजों की एक नई स्पेशल बेंच का गठन किया है, जो आज, यानी गुरुवार (14 अगस्त) को इस पर सुनवाई करेगी। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पिछली सुनवाई करने वाले जज इस नई बेंच का हिस्सा नहीं होंगे।

डॉग लवर्स ने किया था विरोध

यह मामला जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच के सामने पेश किया जाएगा। इससे पहले जस्टिस जेबी पारदीवाला की बेंच ने इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए दिल्ली और एनसीआर के सभी आवारा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम में भेजने का आदेश दिया था। इस आदेश के बाद डॉग लवर्स ने शांतिपूर्ण तरीके से कैंडल मार्च निकालकर इसका विरोध किया था।

आवारा कुत्तों से जुड़ी चिंताएं और आंकड़े

आवारा कुत्तों के काटने और रेबीज के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को परेशानी हो रही है। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल दिल्ली में कुत्तों के काटने के 26,000 से अधिक मामले सामने आए हैं, जबकि 31 जुलाई तक रेबीज के 49 मामले दर्ज किए गए हैं। दिल्ली में आखिरी बार 2009 में हुए सर्वेक्षण में 5.6 लाख आवारा कुत्ते पाए गए थे। हालांकि, पिछले 16 सालों में कोई नया सर्वेक्षण नहीं हुआ है, लेकिन अनुमान है कि इनकी संख्या बढ़कर लगभग 10 लाख तक पहुँच चुकी है।

 

Also Read: Lucknow News: खराब मौसम और भारी बारिश के कारण आज स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.