Health tips: पेशाब में तेज बदबू आना गंभीर बीमारियों के संकेत, जानें बीमारी और लक्षण

Health tips: स्वस्थ शरीर में पेशाब का रंग हल्का पीला या भूरेपन लिए हल्का साफ होता है और इसमें तेज गंध नहीं आती। हालांकि कई बार पेशाब से अचानक तेज या असामान्य बदबू आने लगती है, जिसे लोग अक्सर मामूली समझकर अनदेखा कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पेशाब में आ रही यह दुर्गंध शरीर के भीतर चल रही किसी गंभीर बीमारी की तरफ संकेत हो सकती है? अगर यह बदबू कुछ समय तक बनी रहे और साथ में कुछ अन्य लक्षण भी दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं पेशाब की बदबू से जुड़ी किन बीमारियों की जांच करवाना ज़रूरी है:

यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI)

यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) यानी पेशाब की नली में संक्रमण, यह समस्या खासकर महिलाओं और बुजुर्गों में अधिक पाई जाती है। जब बैक्टीरिया यूरिनरी सिस्टम में घुस जाते हैं, तो इससे इंफेक्शन हो सकता है। इसके लक्षणों में बार-बार पेशाब आना, पेशाब करते समय जलन, निचले पेट में दर्द और पेशाब से तेज अमोनिया जैसी बदबू शामिल है।

जरूरी जांचें- यूरिन टेस्ट, यूरिन कल्चर

डायबिटीज

डायबिटीज से जूझ रहे लोगों के पेशाब से फल जैसी मीठी गंध आ सकती है। ऐसा तब होता है जब ब्लड शुगर लेवल काफी ज्यादा हो जाता है और पेशाब में केटोन बनने लगते हैं।

जरूरी जांचें- फास्टिंग ब्लड शुगर, HbA1c टेस्ट, यूरिन केटोन टेस्ट

किडनी या लिवर से जुड़ी समस्याएं

किडनी या लिवर सही से काम नहीं कर पा रहे हों तो शरीर के विषैले तत्व (toxins) सही तरह से बाहर नहीं निकल पाते, जिससे पेशाब में तेज और सड़ी सी गंध आ सकती है। पेशाब का रंग भी गहरा पीला या भूरा हो सकता है।

जरूरी जांचें- LFT (लिवर फंक्शन टेस्ट), KFT (किडनी फंक्शन टेस्ट), सोनोग्राफी

डिहाइड्रेशन

अगर शरीर में पानी की मात्रा कम हो जाती है, तो पेशाब अधिक गाढ़ा हो जाता है और उसमें तेज बदबू आने लगती है। यह स्थिति विशेष रूप से गर्मी में देखने को मिलती है।

क्या करें- खूब पानी पिएं, ओआरएस या इलेक्ट्रोलाइट्स लें

पेशाब की गंध को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है। यह शरीर में चल रहे किसी गंभीर असंतुलन या संक्रमण का शुरुआती संकेत हो सकता है। अगर बदबू लंबे समय तक बनी रहे या अन्य लक्षण जैसे जलन, दर्द या रंग में बदलाव नजर आएं तो बिना देर किए डॉक्टर से परामर्श लें।

Also Read:सांस लेने में तकलीफ अस्थमा हो सकता है, जानिये घरेलू उपचार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.