Lucknow News: छात्रा से इंस्टाग्राम की दोस्ती, मिलने के बहाने बुलाया और बंधक बनाकर दो दिनों तक किया गैंगरेप

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक 7वीं कक्षा की छात्रा के साथ गैंगरेप की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने पहले इंस्टाग्राम पर छात्रा से दोस्ती की, फिर बहाने से बुलाकर अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे दो दिन तक बंधक बनाए रखा और उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

पीड़िता की माँ के अनुसार, उनकी 15 वर्षीय बेटी सरोजनीनगर के एक निजी स्कूल में पढ़ती है। करीब डेढ़ महीने पहले छात्रा की आगरा एक्सप्रेस-वे के पास रहने वाले विमल नाम के युवक से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। 2 नवंबर की रात करीब 10 बजे विमल ने छात्रा को बहाने से घर से कुछ दूर बुलाया और उसे एक स्कॉर्पियो कार में बैठा लिया। कार में विमल के साथी पीयूष और शुभम मिश्रा भी मौजूद थे।

तीनों युवक छात्रा को मड़ियांव के आईआईएम रोड स्थित एक होटल में ले गए। यहाँ विमल और पीयूष ने छात्रा को बंधक बनाकर दो दिनों तक गैंगरेप किया। आरोपियों ने उसके शरीर पर कई जगह दाँतों से भी काटा और उसका मोबाइल छीनकर उसे कमरे में बंद रखा। छात्रा के बार-बार गिड़गिड़ाने पर आरोपी मंगलवार दोपहर उसे स्कॉर्पियो से घर से कुछ दूरी पर छोड़कर चले गए। जाते-जाते उन्होंने छात्रा को धमकी दी कि उन्होंने घटना का वीडियो बना लिया है और अगर उसने किसी को बताया, तो उसे वायरल कर दिया जाएगा।

डर के बावजूद, घर पहुँचकर छात्रा ने अपनी आपबीती माँ को बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। एसीपी कृष्णा नगर, रजनीश वर्मा ने बताया कि इस मामले में पीयूष और शुभम मिश्रा को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। सरोजनी नगर इंस्पेक्टर राजदेव राम प्रजापति ने जानकारी दी है कि तहरीर के आधार पर जाँच शुरू कर दी गई है। पीड़िता को मेडिकल जाँच के लिए भेजा जाएगा, और तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: भारतीय चुनाव प्रणाली को समझना चाहती है दक्षिण अफ्रीकी टीम, CEC को आया फोन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.