प्रयागराज एक्सप्रेस में छात्रा से छेड़छाड़, जीआरपी दीवान निलंबित
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली से प्रयागराज आ रही प्रयागराज एक्सप्रेस में एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जीआरपी दीवान आशीष गुप्ता ने छात्रा को गलत तरीके से छुआ और अभद्रता की। विरोध करने पर वह माफी मांगने लगा। छात्रा ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के मुताबिक, यह घटना 13 अगस्त की रात उस समय हुई जब छात्रा ट्रेन से प्रयागराज लौट रही थी। आरोप है कि नींद में सो रही छात्रा के साथ वर्दीधारी दीवान ने छेड़छाड़ की। नींद खुलने पर उसने विरोध किया तो आरोपी भागने लगा। छात्रा ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर आरोपी हाथ जोड़कर बार-बार माफी मांगने लगा।
महिला यात्री ने भी फटकारा
छात्रा के पास बैठी एक महिला यात्री ने जब हकीकत जानी, तो उसने भी आरोपी को कड़ी फटकार लगाई। वीडियो में दीवान यह कहते हुए सुना जा सकता है— “माफ कर दो… नौकरी चली जाएगी।” मामला जीआरपी अफसरों तक पहुंचा तो प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद आरोपी दीवान आशीष गुप्ता, जो प्रयागराज जीआरपी थाने में तैनात है, को निलंबित कर दिया गया। जांच की जिम्मेदारी सीओ जीआरपी प्रयागराज को सौंपी गई है।
FIR दर्ज नहीं कराना चाहती छात्रा
जीआरपी थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय के अनुसार, छात्रा ने फिलहाल कोई लिखित तहरीर नहीं दी है और वह एफआईआर दर्ज नहीं कराना चाहती। उसने केवल रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत की है। एसपी जीआरपी प्रयागराज प्रशांत वर्मा ने बताया कि आरोपी को निलंबित कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।
Also Read: Mathura News: स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार, पुलिस की छापेमारी में संचालक समेत 19 हिरासत में

