Unnao News: मनचले को छात्रा ने बीच सड़क सिखाया सबक, वीडियो वायरल
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्रा ने सरेआम एक मनचले युवक को चप्पलों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीट दिया। इस दौरान रास्ते से गुज़र रहे लोग तमाशा देखते रहे, और किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। यह घटना उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र के शुक्लागंज बाजार में पोनी रोड स्थित नीलम स्वीट्स के पास हुई।
छेड़छाड़ से परेशान छात्रा का फूटा गुस्सा
गंगाघाट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली यह छात्रा शनिवार दोपहर कानपुर के जुहारी देवी कॉलेज से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। शुक्लागंज बाजार में पोनी रोड स्थित नीलम स्वीट्स के पास एक युवक ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, यह युवक काफी दिनों से छात्रा को परेशान कर रहा था, जिससे छात्रा पहले से ही बहुत परेशान थी।
उन्नाव, उत्तर प्रदेश-
लड़की, लफंगे से भिड़ती है, लेकिन पास खड़ा कोई साथ देने के लिए नहीं आता है…. सब बस देखते हैं रुककर…
हालांकि, ये लड़की बहादुर है, अकेले ही बढ़िया इलाज करती है… pic.twitter.com/WLwMuwDURJ— Abhishek Anand (@TweetAbhishekA) July 20, 2025
बीच सड़क पर हुई पिटाई, भीड़ बनी दर्शक
छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने युवक को पकड़ा और उस पर थप्पड़ों की बरसात कर दी, साथ ही उसे जूते से भी पीटा। इस दौरान रास्ते से गुज़र रहे लोगों की भारी भीड़ लग गई। लोग यह पूरा नज़ारा देख रहे थे, लेकिन किसी ने भी पहले दखल नहीं दिया। वायरल वीडियो में छात्रा के चेहरे पर गुस्सा और हिम्मत साफ देखी जा सकती है। छात्रा ने युवक की पिटाई करते समय उसे जमकर खरी-खोटी सुनाई।
छात्रा ने युवक को करीब 10 मिनट तक अकेले ही पकड़कर थप्पड़ पर थप्पड़ जड़े। आरोपी युवक का नाम आकाश बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बाद में छात्रा की बहादुरी की सराहना की और उसकी मदद भी की। हालांकि, जब लोगों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की, तो वह भागने में कामयाब रहा।
आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
गंगाघाट थाना प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह 11 बजे की है। युवती को थाने बुलाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी युवक टैंपो चलाता है और बैटरी में डलने वाले पानी की सप्लाई का काम करता है। पुलिस ने आरोपी युवक आकाश को हिरासत में ले लिया है और घटना की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि छात्रा की तरफ से अभी तक कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है।

